सांकेतिक चित्र
केदारनाथ यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग पुलिस ने एक संदिग्ध शख्स को हिरासत में लिया है, जिसके पास से दो धारदार हथियार और दो एयरगन जैसी खिलौना बंदूकें मिली हैं। प्रारंभिक जांच में संदिग्ध उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले का निवासी पाया गया। पुलिस द्वारा उसके परिजनों से संपर्क किए जाने पर जानकारी मिली, कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है।
जानकारी के अनुसार, रुद्रप्रयाग पुलिस ने व्यापक चेकिंग अभियान के तहत बीते बुधवार को एक संदिग्ध शख्स से धारदार हथियार और दो एयर गन बरामद किये है। इस संबंध में सीओ केदारनाथ नितिन लोहनी ने जानकारी देते हुए बताया, कि बीते सायं को पुलिस टीम द्वारा विभिन्न टेंटों और अस्थायी आवासों का गहन निरीक्षण किया जा रहा था।
जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के सम्बन्ध में सीओ केदारनाथ श्री नितिन लोहनी ने जानकारी देते हुए बताया कि आज दिनांक 6 मई 2026 को सायंकाल संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग के दौरान…… pic.twitter.com/lbaeTVyr5H
— Rudraprayag Police Uttarakhand (@RudraprayagPol) May 6, 2026
जांच के दौरान एक संदिग्ध शख्स पुलिस के रडार पर आया, जिसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे से दो धारदार हथियार तथा दो एयर गन (खिलौना बंदूक) बरामद की गईं। बरामद सामग्री के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए हलचल का माहौल बन गया। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला, कि उक्त व्यक्ति उत्तर प्रदेश के रायबरेली जनपद का निवासी है।
सीओ केदारनाथ ने बताया, पुलिस द्वारा उसके परिजनों से संपर्क करने पर जानकारी मिली, कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी अमल में लाई जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया, कि संबंधित टेंट संचालक द्वारा उक्त व्यक्ति को बिना किसी वैध पहचान पत्र (आईडी) के ठहराया गया था। उन्होंने कहा, कि इसे सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए पुलिस ने टेंट स्वामी के खिलाफ चालानी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीओ केदारनाथ ने आम जनता से अपील करते हुए कहा, कि किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें। सीओ केदारनाथ ने कहा, कि चारधाम यात्रा एवं जनपद की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने कहा, यदि किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा डायल 112 पर दें।
रुद्रप्रयाग पुलिस का कहना है, कि जनपद में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
