प्रतीकात्मक चित्र, (फोटो साभार: freepik.com)
हरिद्वार के लक्सर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से रहस्यमय तरीके से लापता हुई नवविवाहिता बिहार के बेगूसराय से मिल गई है। पुलिस ने प्रज्ञा को बरामद कर परिजनों को सूचित कर दिया है, हालांकि अभी भी इस बात का खुलासा नहीं हुआ है, कि आखिर किस परिस्थिति में प्रज्ञा सिंह बेगूसराय पहुंच गई, जबकि वह अपने पति के साथ देहरादून से गाजियाबाद लौट रही थी।
गौरतलब है, कि केदारनाथ यात्रा से लौटते वक्त संदिग्ध परिस्थिति में लापता हुई नवविवाहिता प्रज्ञा सिंह को लगभग 6 दिनों से उत्तराखंड पुलिस और रेलवे पुलिस खोज रही थी। हालांकि अब इस मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है, कि नवविवाहिता अपनी मर्जी से ही गई थी। फिलहाल वह पुलिस कस्टडी में है और उससे पूछताछ की जा रही है।
बता दें, कि यह मामला कानपुर के नौबस्ता निवासी, हाल निवासी ग्रेटर नोएडा, मनीष अग्रहरि और उनकी पत्नी प्रज्ञा सिंह से जुड़ा है। मंगलवार 5 मई को दंपति केदारनाथ दर्शन करने के बाद नंदा देवी एक्सप्रेस से गाजियाबाद लौट रहे थे। पति ने बताया था, वह अपनी पत्नी प्रज्ञा के साथ हरिद्वार तक बातचीत करते हुए आ रहे थे। फिर उनको नींद आ गई तो वह सो गए।
ट्रेन के मुजफ्फनगर स्टेशन पहुंचने पर जब पति की आंख खुली, तो उनकी पत्नी अपनी सीट पर नहीं थी। पहले उन्हें लगा, कि वह वॉशरूम गई होगी, लेकिन जब वह काफी देर तक नहीं लौटी तो उन्होंने ट्रेन में खोजबीन शुरू की। इसके बाद पति ने अपने ससुराल को सूचना दी, जिसके बाद नवविवाहिता के भाई भी लक्सर जीआरपी थाने पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज कराई।
ये 29 वर्षीय प्रज्ञा सिंह हैं, जो बीते पांच दिनों से लापता थीं. सोशल मीडिया पर प्रज्ञा की गुमशुदगी को लेकर खूब चर्चा हो रही थी. कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे.
प्रज्ञा केदारनाथ यात्रा से लौटते समय नंदा देवी एक्सप्रेस से लापता हुईं थीं. लेकिन अब खबर है कि ये बिहार के बेगूसराय में… pic.twitter.com/I4mxLmAxYc
— Priya singh (@priyarajputlive) May 11, 2026
वहीं जाँच के दौरान मुजफ्फरनगर और आसपास के रेलवे स्टेशनों पर सीसीटीवी खराब होने की वजह से प्रज्ञा का कोई सुराग नहीं लग पाया। पुलिस ने किसी अनहोनी की आशंका के मद्देनजर रेलवे ट्रैक और आसपास के क्षेत्रों में भी सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन कोई जानकारी सामने नहीं आई, हालांकि अब हरिद्वार पुलिस ने उसे खोजने में सफलता हासिल कर ली है।
पुलिस की जांच के दौरान प्रज्ञा के मोबाइल की कॉल डिटेल, मैसेज और व्हाट्सएप चैट भी खंगाली गई, लेकिन फिलहाल कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं मिली। पुलिस की पूछताछ के बाद ही पता चल पाएगा, कि प्रज्ञा अपनी मर्जी से गई थी या किसी दबाव के चलते। पुलिस का कहना है, कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है, दंपति के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद प्रज्ञा पति के सोने के बाद चुपचाप ट्रेन से उतरी और दूसरी ट्रेन में चढ़ गई। उसने टिकट भी नहीं खरीदी थी और बेगूसराय पहुंच गई। पुलिस का कहना है, कि उसे नहीं मालूम था, कि ट्रेन बिहार जाएगी। बेगूसराय पहुंचकर उसने अपनी माँ को फोन किया और अपने सही सलामत होने की सूचना दी।
बता दें, कि सोशल मीडिया पर यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता के लापता होने के बाद कई तरह की चर्चाएं हो रही है। दावा किया जा रहा है, कि यह ट्रेन लक्सर रेलवे स्टेशन पर रुकती ही नहीं है और लक्सर से बाईपास हो जाती है।
