पिथौरागढ़ में सीएम धामी ने दिखाया अपनी बल्लेबाजी का हुनर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार (8 मई 2026) को पिथौरागढ़ जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सुरेन्द्र सिंह वल्दिया स्टेडियम पहुंचकर उच्चीकृत क्रिकेट मैदान का लोकार्पण कर क्रिकेट मैदान को जनपदवासियों को समर्पित किया। इस अवसर पर सीएम धामी ने क्रिकेट पिच पर स्वयं बल्लेबाजी करते हुए एक ओवर खेलकर पिच का औपचारिक उद्घाटन किया।
इस अवसर पर सीएम धामी का खिलाड़ियों के साथ खेल मैदान में उत्साहपूर्ण और आत्मीय अंदाज देखने को मिला। इसके उपरांत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खिलाड़ियों एवं युवाओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ फुटबॉल, हॉकी एवं अन्य खेल गतिविधियों में भी सहभागिता की।
पिथौरागढ़ में श्री सुरेंद्र वल्दिया स्पोर्ट्स स्टेडियम में विकसित नई खेल सुविधाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। इस दौरान स्टेडियम में उपलब्ध संसाधनों, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण एवं खेल गतिविधियों की प्रगति की जानकारी ली। pic.twitter.com/MO7C0utXjy
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) May 8, 2026
मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे के खिलाफ शपथ भी दिलाई तथा उन्हें नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 9 खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ राज्य में चल रहे अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा, कि खेल युवाओं को अनुशासन, स्वस्थ जीवनशैली एवं सकारात्मक सोच की ओर प्रेरित करते है।
सीएम धामी ने कहा, कि नई खेल नीति के माध्यम से राज्य के उदीयमान खिलाड़ियों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने कहा, कि प्रदेश में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने तथा आधुनिक खेल सुविधाओं के विस्तार हेतु निरंतर कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ सहित राज्य के विभिन्न जनपदों में खेलों के लिए बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने की बात कही। उन्होंने कहा, कि राज्य सरकार का उद्देश्य युवाओं को खेलों के माध्यम से सकारात्मक दिशा प्रदान करना तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है। सीएम धामी ने घोषणा करते हुए कहा, कि क्रिकेट मैदान में चारों ओर फ्लड लाइट की व्यवस्था की जाएगी।
