चाऊमीन विक्रेता पर फायरिंग के मामले में आरोपियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई, (फोटो साभार: X@suragilalnews42)
उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में मामूली विवाद के बाद चाऊमीन विक्रेता पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने तीन बदमाशों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया है। फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का उस इलाके में जुलूस निकाला, जहां उन्होंने दबंगई दिखाई थी। इस दौरान आरोपी कान पकड़कर माफी मांगते नजर आए।
जानकारी के अनुसार, बीते रविवार रुद्रपुर के रम्पुरा इलाके में कटोरी मंदिर के पास स्थित फास्ट फ़ूड के ठेले पर फायरिंग का मामला सामने आया था। कुछ युवक चाऊमीन खाने के लिए ठेले पर पहुंचे थे। चाऊमीन खाने के बाद जब दुकानदार ने उनसे पैसे मांगे, तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है, कि युवक दबंगई दिखाते हुए बिना पैसे दिए वहां से जाने लगे।
जब दुकानदार ने खाने के पैसे मांगे, तो युवकों ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। दुकानदार ने साफ कहा, कि जिसने चाऊमीन खाई है, उसे पैसे देने होंगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जाते-जाते युवकों ने दुकानदार को धमकी दी, कि वह दोबारा लौटकर आएंगे। करीब दो से ढाई घंटे बाद वही युवक फिर से मौके पर पहुंचे और आते ही फायरिंग शुरू कर दी।
स्थानीय निवासियों का कहना है, कि मौके पर करीब चार राउंड फायरिंग हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। हालांकि वारदात के दौरान किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति द्वारा मामले का तत्काल गंभीरता से संज्ञान लिया गया और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किये। पुलिस ने फुटेज और स्थानीय लोगों की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है, कि गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपियों को उसी इलाके में लेकर पहुंची, जहां उन्होंने दबंगई दिखाते हुए फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकाला और उनसे कान पकड़कर माफी भी मंगवाई। इस दौरान आरोपी यह बोलते हुए सुनाई दिए, कि भविष्य में वे ऐसी घटना दोबारा नहीं करेंगे।
एसएसपी, उधम सिंह नगर अजय गणपति ने कहा, कि उधम सिंह नगर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और फायरिंग जैसी घटनाओं पर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई करती रहेगी। वहीं पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है, कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होने से बदमाशों में डर का माहौल बनेगा।
