सांकेतिक चित्र
देहरादून के किशन नगर इलाके में एक स्कूल परिसर में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। थाना कैंट पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की टीम ने जिस्मफरोशी के धंधे में लिप्त दो युवकों को गिरफ्तार कर तीन युवतियों को रेस्क्यू किया है, जिसमें एक युवती एचआईवी पॉजिटिव बताई जा रही है। टीम ने मौके से शराब और आपत्तिजनक चीजें बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, एसएसपी को कैंट क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा अनैतिक देह व्यापार करवाए जाने की गोपनीय सूचना मिली थी। प्राप्त सूचना का संज्ञान लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर सीओ सिटी के नेतृत्व में एएचटीयू देहरादून और कैंट पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा किशन नगर एक्सटेंशन में औचक छापेमारी की कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान टीम को एक स्कूल के पिछले भाग में तीन महिलाएं और एक पुरूष आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जिनके पास से संदिग्ध सामग्री भी बरामद हुई। मौके से पुलिस टीम द्वारा अनैतिक देह व्यापार संचालित कर रहे आशीष कुमार पाण्डे और जंग बहादुर को गिरफ्तार करते हुए तीन पीड़िताओं को रेस्क्यू किया गया।
मौके पर मिले स्विफ्ट वाहन को भी पुलिस द्वारा सीज किया गया। घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, खासकर इसलिए, कि जिस स्थान पर यह गतिविधि संचालित हो रही थी, वह एक स्कूल के पीछे का हिस्सा बताया जा रहा है। तलाशी के दौरान एक युवती के बैग से एक कार्ड बरामद हुआ, जो कि युवती के एचआईवी पॉजिटिव होने पर उपचार के लिए था।
हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन युवती ने खुद के बीमार होने की भी बात कही है। सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया, कि एक आरोपी के पहले भी अनैतिक देह व्यापार में जेल जाने की जानकारी मिली है।
उन्होंने बताया, कि आरोपी द्वारा काम दिलाने के बहाने बाहरी राज्यों से महिलाओं को देहरादून बुलाया जाता था और उनकी मजबूरियों का फायदा उठाकर वह उनसे अनैतिक देह व्यापार करवाता था। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कोतवाली कैंट पर अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
स्थानीय पार्षद नंदिनी शर्मा ने बताया, कि उन्हें सूचना मिली थी कि यहां तीन युवतियों को रखा गया है और जिस्मफरोशी कराई जा रही है। पुलिस जांच में पता चला है कि युवतियां मेरठ, मुजफ्फरनगर और दिल्ली की रहने वाली हैं, जो आर्थिक संकट के चलते नौकरी के लिए देहरादून आई थी, जिनकी मजबूरी का फायदा उठाकर अनैतिक देह व्यापार में धकेल दिया गया।
