(फोटो साभार: Enable Connect Consulting)
भारत के सबसे पुराने पारिवारिक व्यवसायों में से एक और 148 बिलियन डॉलर के मार्केट कैप के साथ सबसे बड़े समूहों में शामिल बजाज ग्रुप ने आज व्यवसाय के 100 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाया। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस मील के पत्थर पर अपनी शुभकामनाएं दी, जो भारत की अपनी यात्रा स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर इसके वैश्विक आर्थिक उत्थान तक को दर्शाता है।
उल्लेखनीय है, कि वर्ष 1926 में मुंबई (तत्कालीन बॉम्बे) में जमनालाल बजाज द्वारा स्थापित यह समूह वर्तमान में प्रत्येक तीन में से एक भारतीय घर की सेवा करता है और इसमें 1,30,000 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं।
इसी क्रम में 100 से अधिक कंपनियों, 100 से अधिक देशों में निर्यात और स्वास्थ्य सेवा में आगामी प्रवेश के साथ, बजाज ग्रुप ने ऑटोमोबाइल, वित्तीय सेवाओं, उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स और इंजीनियरिंग में भारत के सबसे भरोसेमंद ब्रांडों में से एक का निर्माण किया है। इसकी कुछ सूचीबद्ध कंपनियों में बजाज ऑटो, बजाज फिनसर्व, बजाज होल्डिंग्स एंड इन्वेस्टमेंट, बजाज फाइनेंस, बजाज हाउसिंग फाइनेंस, बजाज इलेक्ट्रिकल्स और मुकंद शामिल हैं।
राष्ट्र निर्माण में बजाज ग्रुप के योगदान को स्वीकार करते हुए बजाज परिवार को भेजे गए एक संदेश में, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “बजाज ग्रुप के शताब्दी वर्ष के अवसर पर, मैं इस मील के पत्थर से जुड़े सभी लोगों को अपनी बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। किसी भी संस्थान के लिए सौ साल का सफर बेहद महत्वपूर्ण होता है। यह न केवल लंबी उम्र को दर्शाता है, बल्कि बदलते समय के अनुरूप खुद को ढालने, आर्थिक विकास में योगदान देने और पीढ़ियों तक प्रासंगिक बने रहने की क्षमता को भी दर्शाता है।”
पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा, “श्री जमनालाल बजाज के नेतृत्व में शुरू हुआ बजाज ग्रुप हमारे राष्ट्र के विकास के कई चरणों के दौरान भारत के औद्योगिक और आर्थिक परिदृश्य का हिस्सा रहा है। यह विभिन्न क्षेत्रों में परिचालन के साथ एक विविधतापूर्ण कंपनी के रूप में विकसित हुआ है, जो भारत और दुनिया भर के ग्राहकों की सेवा करती है।”
A century woven into the story of India itself. Deeply moved by Hon’ble PM Shri @narendramodi ji’s recognition of the Bajaj Group’s role in nation-building: creating jobs, fostering innovation, and supporting community development.
Thank you for your kind words on this momentous… pic.twitter.com/jXSllhEkm0— Sanjiv Bajaj (@sanjivrbajaj) May 11, 2026
उन्होंने कहा, “दशकों से, बजाज ग्रुप ने रोजगार पैदा करके, नवाचार को बढ़ावा देकर और सामुदायिक विकास का समर्थन करके राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस तरह के मील के पत्थर प्रमुख योगदानों पर विचार करने के साथ-साथ विकास, स्थिरता और समावेशी प्रगति के प्रति प्रतिबद्धता को नवीनीकृत करने का एक अवसर हैं।”
“भारत विनिर्माण, नवाचार और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता में नई आकांक्षाओं के साथ आगे बढ़ रहा है। बजाज ग्रुप जैसे गहरी जड़ों और अनुभव वाले संस्थानों की 2047 तक ‘विकसित भारत’ की यात्रा को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका है।”
मुंबई स्थित नेशनल स्पोर्ट्स क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित शताब्दी समारोह में परिवार के सदस्य, उद्योग जगत के दिग्गज, केंद्रीय और राज्य मंत्री, राजनीतिक नेता, मशहूर हस्तियां और भागीदार शामिल हुए। शाम के कार्यक्रम में परिवार की यात्रा को दर्शाया गया। भारत के स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका से लेकर, व्यापार से विनिर्माण और वित्तीय सेवाओं की ओर बदलाव और उन आधुनिक तकनीकों तक जिनका नेतृत्व आज उनके व्यवसाय कर रहे हैं।
मुख्य आकर्षणों में बजाज परिवार के संबोधन, ग्रैमी पुरस्कार विजेता और विश्व प्रसिद्ध संगीतकार रिकी केज और उनके समूह द्वारा विशेष रूप से तैयार की गई लाइव प्रस्तुति, राजकुमार हिरानी द्वारा निर्देशित जमनालाल बजाज और महात्मा गांधी पर बनी फिल्म ‘कथनी करनी एक सी’ की स्क्रीनिंग और ‘100 इयर्स ऑफ बजाज’ लोगो का अनावरण शामिल था।
