ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर पलटी बस, (फोटो साभार: etvbharat)
बदरीनाथ-ऋषिकेश हाईवे पर रविवार शाम को चारधाम यात्रा से लौट रही तीर्थयात्रियों की बस मुनिकीरेती थाना अंतर्गत शिवपुरी के निकट सड़क पर पलट गई। हादसे में सात यात्री घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए ऋषिकेश स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है, कि बस में ड्राइवर-कंडक्टर समेत 25 यात्री सवार थे।
जानकारी के अनुसार, सड़क दुर्घटना 10 मई की शाम 4 बजे शिवपुरी के पास कलथरी डंपिंग प्वाइंट नजदीक हुई। सड़क हादसे की सूचना पर शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान बस सड़क पर पलटी हुई थी और यात्री बस के अंदर चिल्ला रहे थे। इसके बाद पुलिस ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
इस दौरान बस सवार 7 घायलों को 108 आपातकालीन एंबुलेंस के जरिए ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल उपचार के लिए भेजा गया। जबकि, 25 यात्रियों को रेस्क्यू कर दूसरे वाहन से गंतव्य की ओर रवाना किया गया। साथ ही पुलिस ने बस को सड़क से हटवा दिया है।
पुलिस के अनुसार, बस (UK14PA0605) बदरीनाथ से हरिद्वार जा रही थी। चलते-चलते अचानक ड्राइवर की साइड की खिड़की खुल गई। उसे बंद करने के दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। बस में सवार बाकी यात्रियों को मामूली खरोंचें आईं। हाईवे पर यातायात सुचारू कर दिया गया है।
