सांकेतिक चित्र
उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर फिलहाल धीमा पड़ा हुआ है। पर्वतीय क्षेत्रों में बादल मंडरा रहे हैं और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा का दौर जारी है, जबकि मैदानी इलाकों में तेज धूप के कारण गर्मी बढ़ गई है। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने सितंबर माह के अंत तक उत्तराखंड से मानसून की विदा लेने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के पर्वतीय जिलों और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने व वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में 10 से 14 सितंबर बारिश के साथ आंधी-तूफान आने की चेतावनी जारी की है।
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, गुरुवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में वर्षा की गतिविधियां फिर तेज हो सकती हैं। जबकि, पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या गर्जन के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी कहीं-कहीं बारिश के आसार हैं।
दिनांक 09.09.2026 को जारी उत्तराखंड राज्य हेतु मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी | pic.twitter.com/8Af1vqoauF
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) September 9, 2026
पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने के साथ तेज वर्षा हो सकती है। हालांकि, प्रदेश के अधिकांश मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। देहरादून में बुधवार को दिनभर धूप खिली रही। शाम के समय आंशिक बादल जरूर छाए, लेकिन धूप के कारण अधिकतम तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
गौरतलब है, कि पिछले दो दिनों में अधिकतम तापमान लगभग चार डिग्री सेल्सियस बढ़ चुका है। तापमान बढ़ने के साथ वातावरण में नमी बनी रहने से उमस भी बढ़ गई है। दोपहर के समय गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही है। बारिश के बाद मिली राहत अब धीरे-धीरे खत्म होती नजर आ रही है।