
उत्तराखंड के नगर निकायों के चुनाव परिणाम घोषित हो चुके है। इन चुनाव परिणामों में कई चौंकाने वाले नतीजे सामने आये। दरअसल, इन मुकाबलों में एक प्रत्याशी ऐसा भी रहा, जिसे अपने मतदान क्षेत्र से एक ही वोट मिला है, और वो भी शायद उन्होंने खुद ही डाला था। हैरानी इस बात पर भी जताई जा रही है, कि इस प्रत्याशी को उनके परिवार के सदस्यों, रिश्तेदार र जानकारों तक ने भी उन्हें वोट देने कि जहमत नहीं उठाई।
गौरतलब है, कि बीते शनिवार को उत्तराखंड राज्य के मैदानी जिले उधम सिंह नगर के 17 नगर निकायों का चुनाव परिणाम भी घोषित किया गया। जानकारी के अनुसार, उधम सिंह नगर जिले में नगला नगर पालिका के गठन के बाद पहली बार चुनाव आयोजित किए गए। इस नगर पालिका के वार्ड से पार्षद का चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी को सिर्फ एक वोट मिला है। वो वोट भी जो उसने संभवतः खुद ही डाला था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस नगर पालिका में कुल सात वार्ड है। मतगणना के दौरान, 367 मतदाताओं वाले वार्ड 7 गोलगेट से सभासद पद के लिए चार निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे थे, लेकिन ये वार्ड इसलिए चर्चा में आ गया क्योंकि निर्दलीय प्रत्याशी वरुण कुमार को सिर्फ एक ही वोट मिला। यहां तक, कि उनके परिचितों ने भी उन्हें वोट नहीं दिया।
इस वार्ड से में निर्दलीय प्रत्याशी देवेंद्र यादव ने 165 मतों के साथ जीत दर्ज। वहीं निर्दलीय गंगावती देवी 118 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। तीसरे स्थान पर निर्दलीय चिराग शर्मा को 6 वोट मिले, जबकि चौथे स्थान पर निर्दलीय वरुण कुमार को केवल एक वोट प्राप्त हुआ। इस वार्ड में एक वोट नोटा को और 6 वोट निरस्त किए गए। फिलहाल ये चुनाव परिणाम पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।