सांकेतिक चित्र
उत्तराखंड में मानसून की बारिश का दौर फिलहाल धीमा पड़ गया है। ज्यादातर क्षेत्रों में तेज धूप खिलने से मैदानी इलाकों में उमसभरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। हालांकि इस बीच मौसम विभाग ने संभावना जताई है, कि जल्द ही उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ेगा।
उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 जुलाई तक राज्य के अनेक स्थानों पर बारिश होगी। इसी क्रम में मौसम विभाग ने शनिवार 18 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी किया है।
दिनांक 15.07.2026 को जारी उत्तराखंड राज्य हेतु मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी pic.twitter.com/dNhDyVQrdp
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) July 15, 2026
वहीं बुधवार को उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल स्थित चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही गढ़वाल मंडल के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली जिलों में कहीं-कहीं गर्जना के साथ बिजली चमकने और वर्षा के तेज से अति तेज दौर आने की संभावना है।
गुरुवार 16 जुलाई को राज्य के देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होगी। बाकी पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली चमकने के साथ वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की संभावना है। जबकि हरिद्वार जिले में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होगी।
17 जुलाई को उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून, पिथौरागढ़, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। राज्य के शेष पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं तेज से बहुत तेज बारिश होगी। हरिद्वार और उधम सिंह नगर में कहीं-कहीं गर्जना के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने कि संभावना है।
शनिवार को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होगी, जबकि अन्य पर्वतीय जिलों में तेज से बहुत तेज बारिश की आशंका है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिलों में बादल गरजने और बिजली चमकने के साथ ही हल्की से मध्यम बारिश होगी। बुधवार से शनिवार तक मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
इसी क्रम में रविवार 19 जुलाई और सोमवार 20 जुलाई के लिए भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। इन दो दिन उत्तराखंड के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
गौरतलब है, कि लगातार बारिश के बाद बीते तीन दिन से मौसम साफ होने और तेज धूप खिलने से तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। खासकर मैदानी क्षेत्रों में उमस के कारण गर्मी अधिक महसूस की जा रही है। जबकि पहाड़ी इलाकों में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहा।
