
(सांकेतिक चित्र)
उत्तराखंड में शुष्क मौसम के चलते मैदान से लेकर पहाड़ी इलाकों में गर्मी का कहर जारी है। सूरज के तल्ख तेवरों के चलते तापमान तेजी से चढ़ रहा है। इस सीजन में पहली बार उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है। वहीं राजधानी देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है।
शनिवार को सुबह से ही दून समेत आसपास के इलाकों में तेज धूप खिली रही। वहीं दोपहर के वक्त झुलसाने वाली धूप से लोग बेहाल नजर आये। पर्वतीय क्षेत्रों में भी तपिश बढ़ने के साथ ही तापमान में उछाल दर्ज किया गया। हालांकि मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ जनपदों में बारिश की संभावना व्यक्त की है।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ में आंशिक बादल छाने और गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने को लेकर चेतावनी जारी की गई है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने और तापमान सामान्य से अधिक बने रहने की संभावना है।
Weather forecast and Warning for Uttarakhand issued on 26.04.2025. pic.twitter.com/Y3wf6IdzbQ
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) April 26, 2025
गौरतलब है, कि उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से मौसम शुष्क रहने के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक इन दिनों लोगों का गर्मी से बुरा हाल हो रहा है। हालांकि कुछ ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में गर्मी का अहसास नहीं हो रहा है। यमुनोत्री धाम में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बता दें, कि उत्तराखंड में आगामी 30 अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू हो रही है।