सांकेतिक चित्र, (फोटो साभार: canva.com)
देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली खौफनाक घटना सामने आई है। एक किशोर ने 6 साल की मासूम बच्ची को पहले अश्लील फिल्म दिखाई और इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर बाल संरक्षण में भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से बिहार निवासी एक व्यक्ति ने बताया, कि वह पटेलनगर क्षेत्र में काम करता है। क्षेत्र में ही 15 वर्षीय किशोर रहता है। उसके परिजन भी बिहार के रहने वाले हैं और मजदूरी करते है। बीते सोमवार रात किशोर बहला फुसलाकर बच्ची को अपने साथ ले गया।
आरोप है, कि किशोर ने पहले मोबाइल पर मासूम को अश्लील फिल्म दिखाई। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया, जिसके चलते मासूम की हालत बिगड़ गई। जब घटना का पता परिजनों को चला, तो हंगामा मच गया। इस दौरान किशोर घटनास्थल से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल बच्ची को अस्पताल पहुंचाया।
कोतवाली पटेल नगर प्रभारी नरेश राठौर के मुताबिक, पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपित किशोर को बाल संरक्षण में भेज दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं 6 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता को समय पर चिकित्सीय सहायता देने के बजाय एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल भेजने का गंभीर मामला सामने आया है। मेडिकल जांच के लिए रात 11 बजे पुलिस बच्ची को पहले जिला चिकित्सालय (कोरोनेशन) लेकर पहुंची, लेकिन वहां पीडियाट्रिक एनेस्थेटिस्ट उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर उसे दून अस्पताल भेज दिया गया।
इसके बाद परिजन रात 12:00 बजे बच्ची को लेकर दून अस्पताल पहुंचे। जहां प्रारंभिक परीक्षण किया गया, लेकिन पूरी चिकित्सकीय जांच नहीं हो सकी। अस्पताल प्रबंधन का कहना है, परिजन एनेस्थीसिया देकर की जाने वाली जांच के लिए तैयार नहीं थे। इसी कारण बच्ची को वापस कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया।
इस पूरी प्रक्रिया में मासूम को सुबह करीब चार बजे तक अस्पतालों के चक्कर काटने पड़े। मामले की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सा शिक्षा निदेशक ने पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की तथा चिकित्सीय स्तर पर जिम्मेदारी निर्धारित कर लापरवाही बरतने वाले डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए है।
