
दून अस्पताल स्थित अवैध मजार पर चला बुलडोजर, (फोटो साभार:X/@ANINewsUP)
देवभूमि में सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण कर बनाई गई अवैध मजारों के खिलाफ धामी सरकार का एक्शन लगातार जारी है। इसी क्रम में बीते शुक्रवार की देर रात राजधानी देहरादून स्थित दून अस्पताल के बाहर बनी अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया गया। बता दें, कि यह मजार दून अस्पताल के मुख्य द्वार पर बनी हुई थी।
समाचार एजेंसी एएनआई की एक्स पोस्ट के अनुसार, शुक्रवार देर रात नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, दून अस्पताल प्रशासन और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने मिलकर सरकारी जमीन पर बनी अवैध मजार को ध्वस्त करने की कार्रवाई पूरी की।
#WATCH | Dehradun, Uttarakhand | Late night, a joint team of Municipal Corporation, Public Works Department, Doon Hospital Administration and District Administration together completed the demolition of the illegal Mazar built on government land. pic.twitter.com/FTfERDKQFY
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) April 26, 2025
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुख्यमंत्री हेल्प लाइन पोर्टल पर ऋषिकेश निवासी शख्स द्वारा दून अस्पताल के मेन गेट पर स्थित इस मजार के संबंध में शिकायत दर्ज की थी। देहरादून प्रशासन की जांच में इस मजार को सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करके बनाया जाना साबित हुआ। वहीं ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान मजार के मलबे से कोई अवशेष नहीं मिले है।
बताया जा रहा है, कि जांच के लिए नगर प्रशासन द्वारा अवैध संरचना के भूमि संबंधी दस्तावेजों की जांच करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने इस अवैध मजार के बारे में सूक्ष्मता से जांच की। साथ ही दून अस्पताल प्रशासन से इस बारे में आख्या मांगी गई थी। जांच के बाद मजार के खादिम को नोटिस भी जारी किया गया था। लेकिन कोई दस्तावेज ना होने के बाद अवैध मजार को हटाया दिया गया।
उल्लेखनीय है, कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सख्त रुख के बाद देवभूमि में अवैध मजारों और मदरसों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उत्तराखंड में अब तक 500 से अधिक अवैध मजारों को ध्वस्त किया जा चुका है। इसके साथ ही 135 से ज्यादा अवैध मदरसों पर सीलिंग की कार्रवाई हुई हैं। वहीं राज्य में 50 से अधिक मंदिरो पर भी कार्रवाई की गई है।