दिल्ली की नार्को किंगपिन' के ठिकाने से भारी मात्रा में गोल्ड-कैश बरामद (चित्र साभार: X@Bharat24Liv)
दिल्ली पुलिस ने एक बड़े अंतर्राज्यीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 42 वर्षीय ड्रग तस्कर पार्वती के घर से करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की गई। पुलिस ने कुल 1.204 किलोग्राम हेरोइन और 64.62 लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है, कि यह संपत्ति नशे के कारोबार से अर्जित की गई है।
पुलिस के अनुसार, ड्रग्स सरगना पार्वती लंबे वक्त से नशे के कारोबार से जुड़ी हुई। उसके आवास से 56.69 लाख रुपये नकद मिले। इसके साथ ही 355 ग्राम सोना और 161 ग्राम चांदी भी बरामद हुई। पुलिस को चार संपत्ति रजिस्ट्री दस्तावेज भी मिले हैं। ये दस्तावेज तस्करी के पैसे से खरीदी गई संपत्तियों से जुड़े हैं।
#WATCH | Delhi: On busting a drug smuggling network, DCP Outer North, Shobhit Saxena, says, "Last week, a female drug smuggler was arrested in Narela. She used to source the contraband from Pratapgarh, Rajasthan. During a subsequent raid there, we also apprehended her close… pic.twitter.com/IpH2bo85Aq
— ANI (@ANI) September 29, 2026
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह थाना नरेला इंडस्ट्रियल एरिया की ‘बैड कैरेक्टर हिस्ट्रीशीट’ में दर्ज आरोपी है। उसके खिलाफ एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम के तहत 12 मामले दर्ज हैं। पार्वती को 23 सितंबर को आउटर नॉर्थ जिले की एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड ने उसके कथित सहयोगी और बॉडीगार्ड विकास कुमार उर्फ शानू के साथ गिरफ्तार किया था।
पुलिस के मुताबिक, अब पुलिस बरामद नकदी, सोने और संपत्तियों के स्रोत के साथ कथित सप्लायरों, खरीदारों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पूरे मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरोह दिल्ली से राजस्थान तक फैला हुआ था। यह बड़े पैमाने पर हेरोइन की आपूर्ति कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक, पार्वती 1990 से ड्रग्स के धंधे में शामिल है। ड्रग्स बाहर से मंगाया जाता था, फिर तीसरी जगह स्टोर किया जाता था और इसके बाद कई नेटवर्क के जरिये होते हुए सड़क पर बेचने वालों तक पहुंचता था। पार्वती का काम सिर्फ गैंग चलाने तक सीमित नहीं था। वह जरूरत पड़ने पर खुद ड्रग्स की डिलीवरी लेने भी जाती थी।
तस्करी से लेकर छोटे स्तर पर नशा बेचने तक के काम को संभालने में भी उसकी भूमिका बताई जा रही है। मीडिया में उसकी कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें वह बड़ी कुर्सी पर बैठी और कथित तौर पर ड्रग्स के कारोबार से जुड़ी कमाई के साथ नजर आ रही है। पुलिस अब उसके नेटवर्क और कारोबार से जुड़े दूसरे लोगों की जानकारी जुटा रही है।
