पुलिस ने 24 घंटे में किया हत्या का खुलासा, (फोटो साभार: X@DehradunPolice)
देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में बीती 21 सितंबर को सीने में चाकू घोंपकर हत्या मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें, कि जन्मदिन की खुशी के बीच एक मामूली कहासुनी खूनी विवाद में बदल गई और देखते ही देखते एक 25 वर्षीय युवक की जान चली गई थी।
पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया, कि सोमवार देर रात कंट्रोल रूम के माध्यम से वारदात की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस तत्काल जमनपुर पहुंची और घायल राजपाल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसने दम तोड़ दिया। पूछताछ में सामने आया, कि आरोपी जितेंद्र कुमार की बेटी का जन्मदिन था।
#SSP_देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस की मिली एक और सफलता,
सेलाकुई क्षेत्र में हुई हत्या की घटना का 24 घंटे के अंदर दून पुलिस ने किया खुलासा,
घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार pic.twitter.com/232pAQf8NV
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) September 23, 2026
जितेंद्र कुमार ने बेटी के जन्मदिन के मौके पर पार्टी रखी थी। बेटी की बर्थडे पार्टी में उसने अपने पड़ोसी राजपाल को नहीं बुलाया। बताया जा रहा है, कि दोनों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। पार्टी में न बुलाए जाने और शराब के नशे में होने के कारण दोनों के बीच बहस हो गई।
इस बीच विवाद बढ़ने पर राजपाल ने जितेंद्र को थप्पड़ मार दिया। आरोप है, कि जितेंद्र ये बर्दाश्त नहीं कर पाया और उसने गुस्से में राजपाल के सीने पर चाकू घोंप दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद जितेंद्र मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल राजपाल को परिजन अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस वारदात के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर आरोपी को पकड़ने के लिए थानाध्यक्ष सेलाकुई के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों गठन किया। पुलिस लगातार जितेंद्र की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
थाना प्रभारी शैंकी कुमार के अनुसार, कि आरोपी जितेंद्र कुमार (25 वर्ष) पुत्र दयाराम, मूल निवासी ग्राम मीरपुर हेमूपुर थाना बिलसंडा जिला पीलीभीत यूपी हाल निवासी जमनपुर सेलाकुई देहरादून से गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया, कि राजपाल और जितेंद्र के बीच 10-15 दिन पहले भी पीने-खाने को लेकर विवाद हुआ था।
