(सांकेतिक चित्र)
जनपद रुद्रप्रयाग के उखीमठ तहसील क्षेत्र निवासी एक शख्स से साइबर अपराधियों ने फेसबुक पर चल रहे कौन बनेगा करोड़पति ऑनलाइन गेम के नाम पर करीब 1.50 करोड़ रुपए की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, रुद्रप्रयाग निवासी पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया, कि 14 जनवरी 2026 से वह फेसबुक पर चल रहे कौन बनेगा करोड़पति ऑनलाइन गेम में चेहरा पहचानो गेम खेलने लगे थे। इसमें हर सही जवाब पर 8.5 लाख रुपये इनाम देने का दावा किया गया था।
पीड़ित के अनुसार, पहली बार में ही उन्हें 8.5 लाख रुपये जीतने की बात कही गई। इसके बाद पीड़ित को 8.5 लाख रुपये जीतने का मैसेज प्राप्त हुआ। नितिन नाम के व्यक्ति ने व्हाट्सऐप के जरिए संपर्क कर टैक्स के नाम पर 1,550 रुपए जमा कराए।
इसके बाद अलग-अलग व्हाट्सऐप नंबरों से ठगों ने संपर्क किया। भरोसा जीतने के लिए पीएम, उद्योगपति और अभिनेता के फोटो के साथ आरबीआई के कथित फर्जी दस्तावेज भी भेजे गए।
पीड़ित को बताया गया, कि वह कई करोड़ रुपये और एक लक्जरी कार जीत चुके हैं। इनाम और कार हासिल करने के लिए अलग-अलग शुल्क, टैक्स और अन्य मदों में रकम जमा कराने को कहा गया। इनाम के लालच में मार्च से सितंबर 2026 के बीच पीड़ित से अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराई गई।
शिकायत के मुताबिक, पीड़ित ने रकम जुटाने के लिए लोगों से उधार तक लिया। उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा, SBI, चमोली जिला सहकारी बैंक और उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के खातों से पैसे भेजे। लगातार भुगतान के बाद भी जब इनामी रकम नहीं मिली तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में शिकायत दी।
साइबर थाना प्रभारी देवेंद्र नबियाल ने बताया, कि पीड़ित ने साइबर अपराधियों को करीब 1.50 करोड़ रुपये देने का दावा किया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस बैंक खातों और डिजिटल लेन-देन के साथ ही आरोपियों के मोबाइल नंबरों और व्हाट्सएप संपर्कों की जांच कर रही है।
