ज्योतिर्मठ में भारी ट्रैफिक जाम, (फोटो साभार: X@UPNOWTV)
देवभूमि उत्तराखंड में इन दिनों चारधाम यात्रा चरम पर है, जिसके चलते यात्रा मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया है।। सोशल मीडिया पर यात्रा मार्गों पर भयंकर जाम वाली तस्वीरें सामने आ रही हैं। वहीं यात्रा मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने से ज्योतिर्मठ में गेट सिस्टम लागू किया गया है, क्योंकि मारवाड़ी से आगे सड़क की स्थिति खराब होने के चलते बार-बार जाम लग रहा है।
जानकारी के अनुसार, ज्योतिर्मठ के जीरो बैंड से लेकर मारवाड़ी तक करीब 8 किलोमीटर लंबे मार्ग पर सड़क संकरी होने के कारण दिनभर और देर रात तक जाम की स्थिति बनी रही। चारधाम यात्रा में बढ़ती भीड़ और लगातार वाहनों के दबाव ने पुलिस और प्रशासन के भी पसीने छुड़ा दिए हैं। बताया जा रहा है, कि ज्योतिर्मठ के पेट्रोल पंप से लेकर मारवाड़ी तक अब गेट सिस्टम लागू कर दिया गया है।
गेट सिस्टम के तहत एक समय में केवल एक दिशा से वाहनों को छोड़ा जाएगा जबकि दूसरी दिशा के वाहनों को रोका जाएगा। आधे-आधे घंटे के अंतराल में दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही कराई जाएगी। हालांकि, वाहनों का दबाव इतना अधिक है, कि अगर एक घंटे तक वाहनों को रोका जा रहा है तो पांच से छह किलोमीटर तक वाहनों की लंबी लाइने लग रही है।
एसडीएम ज्योतिर्मठ चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया, कि यात्रियों की सुविधा और जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए गेट सिस्टम लागू किया गया है। आधे-आधे घंटे के अंतराल में दोनों तरफ से वाहनों को छोड़ा जाएगा। जिससे ट्रैफिक सुचारू रूप से संचालित हो सके। इस व्यवस्था के तहत यात्री बिना रुकावट बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा कर सकेंगे।
गौरतलब है, कि पिछले तीन दिनों के जाम ने यात्रियों की हालत खराब कर दी थी। कई वाहन सड़क किनारे गड्ढों में फंस गए तो कई जगह लंबी कतारों में खड़े रहे। यात्रियों को खाने-पीने और जरूरी सामान तक के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ा था। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मौके पर तैनात रहकर यातायात व्यवस्था संभाल रहे हैं। जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की समस्या न हो।
