णवीर सिंह रणवीर सिंह पहुंचे चामुंडेश्वरी मंदिर,(फोटो साभार: X@MeghUpdates)
बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह मंगलवार (26 मई 2026) की सुबह मुंबई एयरपोर्ट से सीधे मैसूर स्थित चामुंडेश्वरी मंदिर पहुंचे और देवी मां के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। यह कदम उन्होंने कर्नाटक हाईकोर्ट द्वारा ‘कांतारा’ मिमिक्री मामले में दिए गए सख्त निर्देश के बाद उठाया है। कोर्ट ने उन्हें राहत देते हुए FIR तो रद्द कर दी, लेकिन चार हफ्ते के भीतर मंदिर जाकर क्षमा माँगने के निर्देश भी दिए थे।
बता दें, कि पिछले साल गोवा में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के समापन समारोह में अपने प्रदर्शन के बाद अभिनेता रणवीर सिंह विवादों में घिर गए थे। फिल्म फेस्टिवल में अपनी स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ के प्रचार के दौरान रणवीर सिंह ने ऋषभ शेट्टी की फिल्म ‘कांतारा चैप्टर 1’ के पवित्र ‘देव’ (भूत कोला परंपरा) का मंच से मजाक उड़ाया था।
इतना ही नहीं रणवीर सिंह ने अनजाने में इस पूजनीय देव को ‘भूत’ या ‘महिला भूत’ कहकर संबोधित कर दिया था, जिससे कर्नाटक के तुलु भाषी समुदाय और हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएँ आहत हो गईं। उनकी इस हरकत के खिलाफ एडवोकेट प्रशांत मेथल ने बेंगलुरु के हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी।
कानूनी शिकंजा कसता देख रणवीर सिंह ने एफआईआर रद्द कराने के लिए कर्नाटक उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। सुनवाई के दौरान बॉलीवुड अभिनेता ने बिना शर्त माफी मांगी और स्पष्ट किया, कि उनका इरादा कभी किसी का अपमान करने का नहीं था। उन्होंने कहा, कि वह सिर्फ केवल कांतारा में ऋषभ शेट्टी के दमदार अभिनय की सराहना कर रहे थे।
मामले की सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति एम नागप्रसन्ना ने रणवीर सिंह द्वारा अदालत को चामुंडेश्वरी मंदिर जाकर प्रार्थना करने का आश्वासन दिए जाने के बाद मामले का निपटारा कर दिया। चूंकि शुरुआत में कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई गई थी, इसलिए अदालत ने उन्हें चार सप्ताह के भीतर दर्शन पूरे करने का निर्देश दिया।
सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने टिप्पणी की थी, कि अभिनेताओं का समाज पर गहरा प्रभाव होता है, इसलिए उन्हें अपनी मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। बता दें, कि रणवीर सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धाराओं 196, 299 और 302 के तहत केस दर्ज किया गया था।
गौरतरलब है, कि रणवीर सिंह इन दिनों अपनी व्यावसायिक सफलताओं से ज्यादा अपनी निजी और कानूनी मुश्किलों को लेकर चर्चा में हैं। एक तरफ जहाँ उनकी हालिया फिल्मों ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर 3000 करोड़ रुपए से अधिक की बंपर कमाई की है, वहीं दूसरी तरफ वे लगातार नए विवादों में घिरते जा रहे हैं।
फरहान अख्तर की फिल्म ‘डॉन 3’ से अचानक बाहर होने के बाद फिल्म संस्था फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने उन पर प्रतिबंध लगा दिया है। बताया जा रहा है, कि फरहान पहले रणवीर के साथ ‘डॉन 3’ बना रहे थे। उन्होंने साल 2023 में इसका ऐलान किया था। फिल्म की हीरोइन पहले कियारा आडवाणी थी, लेकिन प्रेग्नेंसी के कारण उन्होंने यह फिल्म छोड़ दी।
फिर ऐसी चर्चा हुई, कि कृति सेनन को इसमें कास्ट किया गया है। ‘डॉन 3’ कास्टिंग की वजह से अटकी रही, और लगातार डिले होने के कारण रणवीर अपनी अन्य फिल्मों में व्यस्त हो गए। इस बीच खबर आई, कि फरहान अख्तर ‘डॉन 3’ की शूटिंग 2025 में शुरू करेंगे, पर तब रणवीर ने यह फिल्म छोड़ दी थी। इस बीच फरहान ने प्रोड्यूसर्स गिल्ड में रणवीर के खिलाफ शिकायत कर दी।
