सांकेतिक चित्र
उत्तराखंड शासन ने ईद-उल-जुहा यानी बकरीद के अवकाश को लेकर नया आदेश जारी किया है। दरअसल, 27 मई की घोषित छुट्टी को बदलकर अब 28 मई 2026 कर दिया है। इस संबंध में संशोधित आदेश जारी कर दिए गए है। संशोधित सार्वजनिक अवकाश सरकारी कार्यालय, स्कूल, कॉलेज, बैंक, कोषागार (ट्रेजरी) और उप-कोषागार में प्रभावी रहेगा।
गौरतलब है, कि उत्तराखंड में बकरीद का अवकाश पूर्व में 27 मई को घोषित किया गया था। जिसके बाद शासन ने अवकाश की तिथि में बदलाव किया है। शासन ने विज्ञप्ति जारी कर अब 28 मई 2026 को अवकाश घोषित कर दिया है। साथ ही सरकार ने मुस्लिम समाज से सार्वजनिक रास्तों और सड़कों पर नमाज ना पढ़ने की अपील की है।
ईद-उल-जुहा (बकरीद) के अवकाश में परिवर्तन, 28 मई 2026 (गुरुवार) को रहेगा अवकाश। pic.twitter.com/8DHSpTcl4Y
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) May 26, 2026
बता दें, कि हाल ही में सीएम धामी ने कहा है, कि नमाज पढ़ने पर किसी प्रकार की रोक नहीं है, लेकिन नमाज चिन्हित स्थलों पर ही होनी चाहिए, जिससे सामान्य नागरिकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा, “देवभूमि में सड़कों पर नमाज नहीं होने देंगे। किसी भी धार्मिक गतिविधि के नाम पर आम लोगों की आवाजाही बाधित नहीं होने दी जाएगी।”
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “उत्तराखंड में कानून सर्वोपरि है और कोई भी व्यक्ति या समूह नियमों से ऊपर नहीं हो सकता।” उन्होंने कहा, कि सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने और सड़कों को बाधित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी धार्मिक गतिविधि से सड़कें, यातायात और आम जनता को असुविधा नहीं होनी चाहिए।
इसी क्रम में देहरादून में बकरीद को लेकर प्रशासन और पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी है। शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में बकरीद संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग, मुस्लिम समाज के लोगों और विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा, कि सार्वजनिक स्थानों और सड़को पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी करने पर भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। प्रशासन ने कहा, कि शासन के निर्देशों का हर हाल में पालन कराया जाएगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
आगामी ईद-उल-अजहा के पर्व को शांति एवं सौहार्द पूर्ण रूप से सम्पन्न कराने के लिए अलर्ट मोड पर दून पुलिस
#एसएसपी_देहरादून के निर्देशों पर सभी थाना क्षेत्रों में सर्व धर्म के संभ्रांत व्यक्तियों/पीस कमेटी की बैठक की गई आयोजित
पर्व के दौरान आपसी सौहार्द को बनाये रखने की करी अपील pic.twitter.com/yeWEIjkBCf
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) May 25, 2026
वहीं मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने भी प्रशासन के निर्णय का समर्थन करते हुए कहा, कि ईद की नमाज केवल निर्धारित ईदगाहों और चिन्हित स्थानों पर ही अदा की जाएगी। साथ ही समाज के लोगों ने सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई है।
