ऋषिकेश में BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन गंगा आरती में हुए शामिल
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शुक्रवार (29 मई 2026) को धर्मनगररी ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन पहुंचे। जहां उन्होंने संतों के पावन सान्निध्य और भारतीय आध्यात्मिक परंपरा की दिव्य गरिमा के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने विधिवत गंगा पूजन एवं भव्य गंगा आरती भी की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन ने आज ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन पहुंचकर विधिवत गंगा पूजन एवं भव्य गंगा आरती में सहभाग किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने मां गंगा से देश एवं प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं… pic.twitter.com/CxMNftmJ5M
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) May 29, 2026
बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इस अवसर पर कहा, “गंगा के तट पर आते ही मन को शांति और आत्मिक शुद्धता का अनुभव होता है। संत समाज ने हजारों सालों से सनातन परंपराओं को जीवित रखा है और विपरीत परिस्थितियों में भी देश को दिशा देने का कार्य किया है। जब तक गंगा की अविरल धारा प्रवाहित होती रहेगी, तब तक भारतीय संस्कृति, परंपराएं और संतों का आशीर्वाद देश को मिलता रहेगा।”
परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा, कि भारत की आत्मा उसकी आध्यात्मिकता में बसती है। जब संत, शासन, समाज और युवा शक्ति राष्ट्रहित और मानवता के कल्याण के लिए एकजुट होकर कार्य करते हैं, तब एक सशक्त, समृद्ध और संस्कारित भारत का निर्माण होता है। उन्होंने कहा, कि वर्तमान समय विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ने का है और देश इसी दिशा में आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन के दिव्य एवं आध्यात्मिक वातावरण में आयोजित संत समागम में देशभर से पहुंचे संतों और विशिष्ट अतिथियों ने भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत व राष्ट्र निर्माण में संत समाज की भूमिका पर व्यापक चिंतन-मंथन किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा, कि भारत केवल एक भूभाग नहीं, बल्कि ऋषियों, मुनियों, तपस्वियों और महापुरुषों की तपोभूमि है, जहां आध्यात्मिकता और राष्ट्रभाव सदैव एक-दूसरे के पूरक रहे है।
