“मकड़ा गैंग” पर हरिद्वार पुलिस का एक्शन, (फोटो साभार: X@haridwarpolice)
हरिद्वार जिले में खुद को मकड़ा गैंग बताकर हुड़दंग मचाने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस ने एक्शन लेते पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। दरअसल, श्यामपुर थाना क्षेत्र में मकड़ा गैंग द्वारा दहशत फैलाने का गंभीर मामला सामने आया है। मकड़ा गैंग द्वारा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ और दहशत फैलाने के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे थे।
हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार के तहत श्यामपुर पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में शनिवार 23 मई को थाना श्यामपुर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई, कि ग्राम गाजीवाली क्षेत्र में कुछ युवक लाठी डंडों से लैस होकर क्षेत्र में दहशत फैलाने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास कर रहे है।
सूचना का तत्काल संज्ञान लेते हुए श्यामपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जिसके बाद पांच युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। थाने में सख्ती से पूछताछ और जांच के दौरान सामने आया, कि आरोपित युवक अपने वाहनों पर मकड़ा चिन्ह का इस्तेमाल कर खुद की पहचान बना रहे थे। इसके लिए वे सोशल मीडिया पर ग्रुप बनाकर सक्रिय हो रहे थे।
🕸️🕷️“मकड़ा गैंग” पर हरिद्वार पुलिस का बड़ा प्रहार
👮♂️ SSP हरिद्वार नवनीत सिंह के नेतृत्व में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर हरिद्वार पुलिस की सख्त नजर
🚔 हुड़दंग मचाकर कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले 05 युवक दबोचे
📱सोशल मीडिया खंगालने पर मिली कई आपत्तिजनक वीडियो pic.twitter.com/Lja6o9QD2m
— Haridwar Police Uttarakhand (@haridwarpolice) May 24, 2026
पुलिस की गिरफ्त में आये आरोपितों की पहचान मोहित पुत्र राजकुमार, देव पुत्र संजीत, सन्नी पुत्र प्रमोद, परवेज पुत्र विद्या रत्न तथा योगेश शर्मा पुत्र मोहन शर्मा निवासी ग्राम कांगड़ी, थाना श्यामपुर शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के सोशल मीडिया अकाउंट भी खंगाले। जिसमें कई आपत्तिजनक वीडियो सामने आए है।
पुलिस के अनुसार, ये युवक सोशल मीडिया पर गैंग जैसी छवि बनाकर क्षेत्र में अपना प्रभाव जमाने का प्रयास कर रहे थे। बता दें, कि हरिद्वार में अभी तक पिल्ला गैंग, बैंगन गैंग और बाज गैंग का नाम हुड़दंग और दहशत फैलाने में शामिल था। इन गैंगों के बाद अब मकड़ा गैंग भी दहशत फैलाने की रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहा था।
श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया, क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने या गैंग बनाकर भय का माहौल पैदा करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। थाना स्तर पर गैंग में शामिल अन्य युवकों को चिन्हित किया जा रहा है। फिलहाल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर शांतिभंग की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
