सांकेतिक चित्र (फोटो साभार: Gemini Canvas /canva) AI
उत्तराखंड एसटीएफ ने नशे के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए निर्णय लिया, कि नशे की खेप, अवैध नशा निर्माण, तस्करी और नशीले पदार्थों की फैक्ट्रियों से जुड़ी विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति को नकद पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं सूचना देने वाले की पहचान को भी पूरी तरह गोपनीय रखा जायेगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था, नशा उन्मूलन और सामाजिक व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है। दरअसल, प्रदेश में बढ़ती नशा तस्करी और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए अब पुलिस आम लोगों की मदद लेगी।
इस संबंध में एसटीएफ द्वारा राज्य के सभी जिलों के एसएसपी और एसपी को पत्र भेजा गया है। नई व्यवस्था के तहत नशीले पदार्थ की मात्रा और उसकी शुद्धता के आधार पर मुखबिर को नकद इनाम दिया जाएगा। अलग-अलग मादक पदार्थों के लिए अलग-अलग राशि निर्धारित की गई है।
योजना के तहत कोकीन की बरामदगी से जुड़ी सूचना देने पर 2 लाख 40 हजार रुपए प्रति किलो तक का इनाम तय किया गया है। इसी क्रम में हेरोइन पर एक लाख 20 हजार रुपए प्रति किलो, मॉर्फिन पर 20 हजार रुपए प्रति किलो और एम्फेटामाइन पर 20 हजार रुपए प्रति किलो नकद पुरस्कार घोषित किया गया है।
जबकि मेथाम्फेटामाइन पर 20 हजार रुपए प्रति किलो, हशीश ऑयल पर 10 हजार रुपए प्रति किलो, अफीम पर 6 हजार रुपए प्रति किलो, हशीश पर 2 हजार रूपए प्रति किलो, गांजे पर 600 रुपए प्रति किलो, अवैध अफीम खेती नष्ट पर 10 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर और अवैध गांजा फसल नष्ट पर 10 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर तय किया गया है।
एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने बताया, कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार, संबंधित पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और मुखबिर को इनाम मादक पदार्थ की निर्धारित शुद्धता के आधार पर मिलने वाली परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर दिया जाएगा।
एसएसपी एसटीएफ के मुताबिक, मुखबिरों से मिलने वाले इनपुट के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। नई ‘इनाम’ योजना से आम लोगों को भी नशे के खिलाफ अभियान से जोड़ने में मदद मिलेगी। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
वहीं एसटीएफ ने स्पष्ट किया है, कि किसी संदिग्ध स्थान की सूचना मिलने पर नागरिक स्वयं जांच करने, परिसर के अंदर जाने या संदिग्धों का सामना करने का प्रयास न करें। ये जोखिम भरा हो सकता है। तत्काल पुलिस को सूचना देना सबसे सुरक्षित तरीका है अथवा एसटीएफ हेल्पलाइन नंबर 0135-2656202 और 9412029536 पर सूचित करे।
