सांकेतिक चित्र, (फोटो साभार: NDTV)
नैनीताल जिले के रामनगर में एक बाघ के सड़क के बीचों-बीच आराम से बैठे दिखाई देने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अनजाने में कुछ बाइक सवारों के बाघ के बेहद करीब पहुंच जाने की घटना के बाद वन विभाग ने लोगों से अलर्ट रहने और वन्यजीव क्षेत्र में सावधानी से यात्रा करने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार, रामनगर स्थित तराई पश्चिम वन प्रभाग की आमपोखरा रेंज के हाथीडंगर क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी ने राहगीरों की धड़कनें बढ़ा दी। सड़क के बीचों-बीच बैठे बाघ को देखकर वहां से गुजर रहे लोग कुछ पल के लिए हक्का-बक्का रह गए। इसी दौरान कुछ बाइक सवार अनजाने में बाघ के बेहद करीब पहुंच गए।
हालांकि जैसे ही बाइक सवारों को सामने बाघ दिखाई दिया, उन्होंने तुरंत अपनी बाइक रोकी और सुरक्षित दूरी बनाते हुए पीछे हट गए। गनीमत रही, कि इस दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रह है।
रामनगर के हाथीडगर क्षेत्र में सड़क पर बैठा नजर आया बाघ, बाइक सवारों की बाल-बाल बची जान! #Uttarakhand #Ramnagar #Tiger @ukfd_official pic.twitter.com/lDzgZhz455
— ETVBharat Uttarakhand (@ETVBharatUK) June 26, 2026
वीडियो में नजर आ रहा है, कि बाघ सड़क पर आराम से बैठा हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में दहशत के साथ-साथ लोगों में वन्यजीवों को लेकर सतर्कता की चर्चा भी तेज हो गई है। वन विभाग के अनुसार, हाथीडंगर क्षेत्र वन्यजीव बाहुल्य क्षेत्र है और यहां बाघों की आवाजाही सामान्य बात है।
आमपोखरा रेंज के अधिकारी पूरन सिंह खनायत ने बताया, कि गुरुवार 25 जून की देर शाम को यह घटना सामने आई थी। कुछ बाइक सवार बाघ के बेहद नजदीक पहुंच गए थे। हाथीडंगर क्षेत्र में बाघ अक्सर सड़क पार करता है और कई बार सड़क पर भी दिखाई देता है।
रेंज अधिकारी ने स्थानीय लोगों से अपील की है, कि अगर रास्ते में बाघ या कोई अन्य वन्यजीव दिखाई दे, तो उसके पास जाने या फोटो और वीडियो बनाने की कोशिश न करें। वन्य जीव सामने आने पर तुरंत सुरक्षित दूरी बनाएं। वाहन को धीमी गति से चलाते हुए सावधानी बरतें। उन्होंने बताया, कि घटना के बाद क्षेत्र में वन विभाग की गश्त बढ़ा दी गई है।
वहीं वन विभाग ने एक बार पुनः पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है, कि जंगल से गुजरते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें। गैरजरूरी रूप से वाहन न रोकें और वन्यजीवों के प्राकृतिक व्यवहार में हस्तक्षेप न करे। थोड़ी सी लापरवाही मानव और वन्यजीव दोनों के लिए खतरा बन सकती है, इसलिए जंगल क्षेत्र में सतर्कता और संयम ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।
