महिला के कपड़े चुराने वाला सनकी चोर गिरफ्तार, (फोटो साभार: X@nainitalpolice)
हल्द्वानी: घर में घुसकर महिला के कपड़े चोरी करने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी किए गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। आरोपी का कपड़े चोरी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।
गौरतलब है, कि हल्द्वानी से एक बेहद हैरान करने वाला और अजीबोगरीब मामला सामने आया था। दरअसल, हल्द्वानी में एक ऐसा चोर सामने आया, जिसका शौक बिल्कुल अलग थे। यह चोर महिलाओं के कपड़ों पर हाथ साफ कर देता था। इस ‘अतरंगी’ चोर की हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
नैनीताल एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किए गए सभी कपड़े बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार, बीती 19 जून को तड़के करीब साढ़े तीन बजे एक युवक दीवार फांदकर महिला के घर के परिसर में घुस गया और बाहर सूख रहे कपड़े चोरी कर फरार हो गया।
🚨 एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर त्वरित कार्यवाही
रात के अंधेरे में दीवार फांदकर महिला की गरिमा से खिलवाड़ कर कपड़े चुराने वाला विकृतकामी हल्द्वानी पुलिस की गिरफ्त में, चोरी किए गए सभी कपड़े बरामद।@uttarakhandcops pic.twitter.com/M4Fn6c7fld
— Nainital Police Uttarakhand (@nainitalpolice_) June 25, 2026
महिला के कपड़े चोरी करने का वीडियो जब सामने आया, तो स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठे। वहीं इस मामले में 23 जून को जिस महिला के कपड़े चोरी हुए थे, उसकी तरफ से भी हल्द्वानी कोतवाली में तहरीर दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो व अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।
परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने टैगोर पब्लिक स्कूल के पास स्थित क्रिकेट मैदान, पंचायतघर रोड क्षेत्र से आरोपी निकेत सिंह बिष्ट को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए महिला के सभी कपड़े भी बरामद कर लिए गए।
आरोपी ने पुलिस को बताया, कि कोरोना काल में वह विदेश से पढ़ाई कर हल्द्वानी लौटा था। एक दोस्त की सलाह पर उसने महिला के अंडरगार्मेंट चुराये। उसे बताया गया था, कि ऐसा करने से तनाव से मुक्ति और खुशी मिलती है।
सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया, कि घर में घुस कर महिला के कपड़े चोरी करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। उन्होंने आमजन से भी अपील की है, कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
