सुरक्षा बलों के वाहन,(फोटो साभार: (X@ETVBharatUK)
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में एक बार फिर आतंकियों ने कायरतापूर्ण हमले को अंजाम दिया है। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग स्थित लाल चौक के पास कोकेरनाग रोड पर गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों पर आतंकियों ने अचानक हमला कर दिया। इस आतंकी हमले में एक पुलिस कांस्टेबल शहीद हो गया है।
डीडी न्यूज की एक्स पोस्ट के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 12.30 बजे अनंतनाग के लाल चौक पर आतंकवादियों ने गोलीबारी की। इस अंधाधुंध गोलीबारी में हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
#BreakingNews | Policeman killed in terrorist attack in J&K’s Anantnag; search operation underway
The attack took place at Lal Chowk in Anantnag.#JammuAndKashmir #Anantnag pic.twitter.com/NyhcqbYg0E
— DD News (@DDNewslive) July 22, 2026
35 वर्षीय बलिदानी हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी (बेल्ट नंबर 20, आईआर 3rd बटालियन) बड़गाम जिले के बीरू इलाके के रहने वाले थे। उनकी शहादत की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग और उनके पैतृक गाँव में गहरा शोक छा गया। हमलावर आतंकियों की धरपकड़ के लिए पूरे क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, लश्कर-ए-तैयबा के मुखौटा संगठन, द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये हमले की जिम्मेदारी ली है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सुरक्षाबल आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।
गौरतलब है, कि जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने पिछले कुछ समय में आतंकियों के खिलाफ लगातार अभियान छेड़ा हुआ है। इससे आतंकी घटनाओं में काफी गिरावट दर्ज की गई है। ऐसे में आतंकवादी अचानक हमले कर माहौल बिगाड़ने के प्रयास में जुटे हुए हैं।
