मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, (चित्र साभार: X@DIPR_UK)
देवभूमि उत्तराखंड में शारदीय नवरात्र की महानवमी पर सोमवार को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शारदीय नवरात्रि की महानवमी के अवसर पर सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 को प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
इस अवसर पर सीएम धामी ने प्रदेशवासियों को महानवमी की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा, कि मातृ शक्ति भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं में पूजनीय स्थान रखती है। नवरात्रि का पर्व नारी शक्ति, श्रद्धा, आस्था और भक्ति का प्रतीक है।
शारदीय नवरात्रि की महानवमी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों की आस्था और भावनाओं का सम्मान करते हुए 19 अक्टूबर को प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश रहेगा, ताकि सभी लोग इस पावन पर्व को अपनी परंपराओं और श्रद्धा के साथ मना सकें।
हमारी सरकार देवभूमि उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं धार्मिक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा संकल्प है कि इस गौरवशाली विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक निरंतर आगे बढ़ाया जाए।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) October 17, 2026
मुख्यमंत्री ने कहा, यह पर्व हमें मातृ शक्ति के सम्मान, सामर्थ्य और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका का स्मरण कराता है। भारतीय संस्कृति एवं परंपराएं हमारी समृद्ध विरासत की पहचान हैं। हमारे त्योहार सांस्कृतिक जड़ों को सशक्त बनाने के साथ ही समाज में आस्था, सद्भाव और एकता की भावना को भी मजबूत करते हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, कि राज्य सरकार प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन तथा इसके मूल्यों को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
