नामी बोर्डिंग स्कूल का प्रिंसिपल गिरफ्तार,(फोटो साभार: जागरण )
देहरादून में शिक्षा के मंदिर को शर्मसार कर देने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां के नामी प्राइवेट स्कूल के प्रधानाचार्य को आठवीं कक्षा के छात्र के साथ कुकर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपित को कोर्ट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपित प्रेमनगर थाना क्षेत्र स्थित प्राइवेट स्कूल का प्रिंसिपल है। पीड़ित बच्चे के माता-पिता और प्रिंसिपल बीते आठ वर्षो से एक-दूसरे के परिचित हैं और वे अपने बच्चे का एडमिशन कराने स्कूल में आए थे। अभिभावक बच्चे को हॉस्टल में रखना चाहते थे, लेकिन प्रिंसिपल ने उन्हें भरोसा दिलाया, कि बच्चा उनके पास रह सकता हैं।
बच्चे के माता पिता की सहमति के बाद नाबालिग प्रिंसिपल के आवास पर उनके साथ ही रहने लगा। आरोप है, कि 28 जून की रात बच्चा जब खाना खाने के बाद अपने रूम में सोने के लिए जाने लगा, तो आरोपित ने बच्चे को रोक लिया और अपने साथ सुलाया।
पीड़ित बच्चे के मुताबिक, इस दौरान आरोपित ने रात में उसके साथ कुकर्म किया। प्रेमनगर क्षेत्र निवासी नाबालिग के पिता ने बताया, कि उनका 15 वर्षीय बेटा पिछले कुछ समय से अकेला व काफी गुमसुम रहने लगा। पहले तो वह उसकी परेशानी का कारण समझ नहीं पाए।
गुमसुम हालत में देख रहे माता पिता ने कई बार जब बच्चे से पूछा, तो उसने अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया, तो उसकी बातों को सुनकर वह सन्न रह गए। बेटे ने बताया, कि स्कूल का प्रधानाचार्य उसे अकेले में ले जाकर गलत हरकत करता है। बेटे के साथ हुए इस कृत्य की शिकायत उन्होंने तत्काल प्रेमनगर कोतवाली में की।
घटना के संबंध में थाना प्रेमनगर प्रभारी नरेश राठौर ने बताया, कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आरोपित 57 वर्षीय प्रधानाचार्य डा. एस वोहरा ‘सार्थक’ के विरुद्ध दुष्कर्म व पोक्सों की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।
