
कबीर खान अजमेर से गिरफ्तार, (चित्र साभार: X/@MeghUpdates)
कर्नाटक के दावणगेरे से कांग्रेस नेता और पूर्व नगर पार्षद कबीर खान को राजस्थान के अजमेर से गिरफ्तार किया गया है। वक्फ संशोधन कानून के विरोध में हिंसा भड़काने वाला वीडियो जारी करने के आरोपी की लोकेशन कर्नाटक पुलिस ने अजमेर पुलिस को दी थी, जिसके आधार पर आदर्श नगर थाना पुलिस ने आरोपी खान को गिरफ्तार कर कर्नाटक पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अजमेर पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने इस खबर की पुष्टि करते हुए मीडिया को जानकारी दी है, कि कर्नाटक पुलिस को सूचना मिली थी, कि आरोपी कबीर खान अजमेर के आदर्श नगर क्षेत्र में छिपा हुआ है। इस इनपुट के आधार पर अजमेर पुलिस की सहायता से आरोपी को गिरफ्तार कर कर्नाटक पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
गौरतलब है, कि कांग्रेस नेता कबीर खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। आरोप है, कि वीडियो में आरोपी खान संसद के दोनों सदनों से पारित वक्फ संशोधन कानून 2025 के खिलाफ मुसलमानों से सड़कों पर उतरने, सार्वजनिक संपत्ति को नष्ट करने और कानून का विरोध करने के लिए जान की कुर्बानी देने के लिए भड़का रहा था।
उक्त दो मिनट के वायरल वीडियो में कबीर खान कह रहा है, “बैनर पकड़ना और याचिकाएँ दायर करना मदद नहीं करेगा। बसों और ट्रेनों में आग लगा दो, कुछ लोगों को अपनी जान कुर्बान करने दो। बलिदान होना चाहिए। हर शहर में आठ-दस लोगों की मौत होनी चाहिए। पचास -सौ मामले दर्ज होने चाहिए। यह सब होना चाहिए।”
इस वीडियो के वायरल होने के बाद देशभर में भारी आक्रोश फैल गया था। विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने इस भड़काने वाले वीडियो पर सख्त आपत्ति दर्ज करने साथ ही आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की थी। संबंधित वीडियो की जांच के बाद कर्नाटक पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्जकर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किये।
बताया जा रहा है, कि वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी कबीर खान अपना फोन बंद कर अज्ञात स्थान में छिप गया। हालांकि जल्द ही कर्नाटक पुलिस को आरोपित की लोकेशन अजमेर में मिल गई। अजमेर एसपी वंदिता राणा ने बताया, कि आरोपी को आजाद नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। अजमेर पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए कर्नाटक पुलिस का सहयोग किया था।