PM मोदी ने बिहार को दी ₹13 हजार करोड़ की सौगात, (फोटो साभार : X@DDNewslive)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के बोधगया में ₹13000 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया है। इस अवसर पर पीएम मोदी ने गया और दिल्ली के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस और वैशाली और कोडरमा के बीच बौद्ध सर्किट ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इन परियोजनाओं का उद्देश्य राज्य में कनेक्टिविटी, बिजली, स्वास्थ्य और शहरी बुनियादी ढाँचे को बेहतर बनाना है।
पीएम मोदी ने गयाजी जिले के बोधगया स्थित मगध विश्वविद्यालय परिसर में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “आज गया जी की पावन भूमि से एक ही दिन में 12 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। इसमें ऊर्जा, स्वास्थ्य और शहरी विकास से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट हैं। इनसे बिहार के उद्योगों को ताकत मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे।”
#WATCH | PM @narendramodi laid the foundation stone and inaugurated the Aunta-Simaria bridge section in Bihar, reducing travel distance and boosting trade, industry, and pilgrim travel.
PM Modi launched and laid foundations for projects worth over ₹12,000 crore, including the… pic.twitter.com/hLjjH2s3qj
— DD News (@DDNewslive) August 22, 2025
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “बिहार चंद्रगुप्त मौर्य और चाणक्य की धरती है। इस धरती पर लिया गया हर संकल्प कभी खाली नहीं जाता। जब कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था। तब मैंने बिहार की इसी धरती से आतंकवादियों को मिट्टी में मिलाने की बात कही थी। आज दुनिया देख रही है बिहार की धरती से लिया गया वो संकल्प पूरा हो चुका है।”
उन्होंने कहा, कि उधर से पाकिस्तान हम पर ड्रोन और मिसाइल से हमला कर रहा था और इधर से भारत उनके ड्रोन-मिसाइल को तिनके की तरह बिखेर रहा था। उनकी एक भी मिसाइल हमें नुकसान नहीं पहुंचा पाई। भारत ने अपनी रक्षा की नई लकीर खींच दी है। अब आतंकवादी चाहे पाताल में क्यों न छिप जाएं, भारत की मिसाइलें उन्हें दफन करके रहेंगी।
पीएम मोदी ने संविधान (130वां) संशोधन विधेयक का जिक्र करते हुए कहा, कि अगर भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाना है तो कोई भी कार्रवाई के दायरे से बाहर नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, कि आज ऐसे कानून है कि अगर सरकारी कर्मी को कुछ घंटे की हिरासत में रख दिया, तो वह अपने आप सस्पेंड हो जाता है, लेकिन अगर कोई सीएम, मंत्री या प्रधानमंत्री है, वो जेल में रहकर भी सत्ता का सुख पा सकता है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “हमने देखा है, कि जेल से ही फाइलों पर साइन करके सरकारी आदेश निकाले जा रहे थे। उन्होंने कहा, कि नेताओं का यही रवैया रहेगा तो भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई कैसे लड़ी जा सकती है। संविधान की मर्यादा को तार-तार होते नहीं देख सकते, इसलिए एनडीए सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ ऐसा कानून लाई है, जिसके दायरे में देश का पीएम भी है, मुख्यमंत्री और मंत्रियों को भी शामिल किया गया है।”
पीएम मोदी ने कहा, कि कांग्रेस-आरजेडी की सरकार ने बिहार के लोगों को शिक्षा और रोजगार नहीं दिया, तब लोग पलायन करने को मजबूर हो गए। उन्होंने कहा, “बिहार में लालटेन राज में लाल आतंक था। न शिक्षा न रोजगार था। बिहार की कितनी पीढ़ियों को इन लोगों ने बिहार से पलायन के लिए मजबूर कर दिया था। उन्हें गरीब के सुख-दुख और गरीब के मान-सम्मान से कोई मतलब नहीं है।”
प्रधानमंत्री ने बिहार में डेमोग्राफी परिवर्तन का उल्लेख करते हुए कहा, “बिहार के सीमावर्ती जिलों में घुसपैठ बढ़ रही है। जिन सुविधाओं पर भारतीयों का अधिकार है उनको घुसपैठी को डाका नहीं डालने देंगे। मैंने डेमीग्राफी मिशन शुरू किया है। हम हर घुसपैठी को देश से बाहर करके रहेंगे। कांग्रेस और आजेडी जैसे दल बिहार के गरीबों का हक छीनकर घुसपैठियों को देना चाहते हैं।”
#WATCH | PM Narendra Modi says, "… The increasing population of illegal immigrants in the country is a matter of concern. In the bordering areas of Bihar, demography is rapidly changing. The NDA government has decided not to let illegal immigrants decide the future of our… pic.twitter.com/XgHGCQUKm9
— ANI (@ANI) August 22, 2025
पीएम मोदी ने कहा, कि इन घुसपैठियों को देश की जमीन पर कब्जा नहीं करने देंगे। बिहार के सभी लोग देश के अंदर बैठे घुसपैठियों से सावधान रहिए। पहचान लीजिए कि कौन-कौन पार्टी घुसपैठियों के साथ खड़ी है। कांग्रेस-राजद वाले वोट बैंक बढ़ाने के लिए कुछ भी कर सकते हैं, कितना भी नीचे जा सकते हैं, इनसे बिहार को बुरी नजर से बचाकर रखना है। बिहार के लोगों के लिए ये समय बहुत अहम है।
बता दें, कि पीएम मोदी बिहार के गया में NH-31 पर 8.15 किलोमीटर लंबे औंटा-सिमरिया पुल परियोजना का उद्घाटन किया। इसमें गंगा नदी पर 1.86 किलोमीटर लंबा 6 लेन वाला पुल भी शामिल है, जिसका निर्माण ₹1,870 करोड़ की लागत से हुआ है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने गया-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस और वैशाली-कोडरमा बौद्ध सर्किट ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।
पीएम मोदी ने 12,000 गरीब लोगों को उनके घर की चाबियाँ भी सौंपी। साथ ही बक्सर में ₹6,880 करोड़ की लागत से बने थर्मल पावर प्लांट का उद्घाटन भी किया। मुजफ्फरपुर में होमी भाभा कैंसर अस्पताल और रिसर्च सेंटर का भी उद्घाटन किया गया। इसके साथ पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता में भी ₹5,200 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
