घर के पानी के टैंक में मिले 27 सांप के बच्चे, (फोटो साभार: X@ETVBharatUK)
हरिद्वार जिले के सराय ग्राम स्थित एक घर के पानी के टैंक में भारी संख्या में सांप के बच्चे दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है, कि घर के सदस्यों ने जब टैंक के अंदर झांककर देखा, तो वहां दर्जनों सांप के बच्चे रेंगते हुए नजर आए। इतनी संख्या में सांप दिखाई देने से घरवाले दहशत में आ गए। इसके बाद तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी गई।
जानकारी के अनुसार, सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे स्नेक कैचर भोला और तालिब ने कड़ी मशक्कत के बाद सांपों को टैंक से बाहर निकाला। बताया जा रहा है, कि टैंक से कुल 27 सांप के बच्चे बरामद हुए। वहीं रेस्क्यू अभियान के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई और लोगों के लिए यह चर्चा का विषय बन गया।
पानी के टैंक में इतनी बड़ी संख्या में सांप ने बच्चे मिलने की घटना पर रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह ने बताया, तापमान में वृद्धि होने के कारण सांप जैसे जंगली जीव ठंडी जगहों की तलाश में आबादी में घुस जाते है। उन्होंने बताया, कि मकान के टैंक में पानी भरा था और उसमें किसी मादा सांप ने अंडे दिए होंगे, इसलिए वहां कई दिनों से सांप के बच्चे रह रहे थे।
उत्तराखंड : हरिद्वार में पानी की टंकी से निकले 27 सांप के बच्चे
सांपों को देख घर में मचा हड़कंप
सूचना पर पहुंची रेस्क्यू टीम
'चेकर्ड कीलबैक' प्रजाति के निकले सभी सांप
रेस्क्यू के बाद सुरक्षित स्थान पर छोड़े जाएंगे
हरिद्वार के सराय ग्राम का है पूरा मामला#NewsLeader pic.twitter.com/QZ1xlBI4ID
— News Leader (@NewsLeaderLive) June 8, 2026
वन विभाग के रेंज अधिकारी ने बताया, कि सभी सांप चेकर्ड कीलबैक प्रजाति के हैं। इस प्रजाति को सामान्य भाषा में पानी का सांप भी कहा जाता है। यह मुख्य रूप से तालाबों, नदियों, नहरों और अन्य जल स्रोतों के आसपास पाया जाता है। गर्मी के मौसम में इस प्रकार के सांप अक्सर पानी के स्रोतों और ठंडी जगहों की तलाश में घरों के आसपास पहुंच जाते है।
अधिकारियों के मुताबिक, ऐसे में सांप या अन्य जंगली जीव दिखाई देने पर घबराने या उन्हें नुकसान पहुंचाने के बजाय वन विभाग को सूचना दी जाए। ताकि उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके। फिलहाल सोशल मीडिया पर सांपों का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
