बीमार पत्नी से परेशान पति ने रची साजिश,(फोटो साभार: X@haridwarpolice)
हरिद्वार पुलिस ने पत्नी को जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने के आरोप में फरार चल रहे पति को गिरफ्तार किया है। करीब पांच महीने पुराने मामले का खुलासा विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की रिपोर्ट में जहरीले पदार्थ से मौत की पुष्टि होने के बाद हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इलाज के बहाने पानी में जहर मिलाकर पत्नी को पिला दिया था।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया, कि 4 फरवरी 2026 को मरगूबपुर निवासी मोहम्मद अनीश ने कोतवाली बहादराबाद में तहरीर देकर आरोप लगाया, कि उसकी बहन को उसके शौहर अफजाल ने इलाज के बहाने पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
🎭 पत्नी की बीमारी से परेशान पति ने रची खौफनाक साजिश, जहर देकर उतारा मौत के घाट
🚨 कप्तान नवनीत सिंह की लीडरशिप में बहादराबाद पुलिस का सनसनीख़ेज़ ख़ुलासा
🔍 SSP हरिद्वार के निर्देश पर कोतवाल स्वयं कर रहे थे मामले की इन्वेस्टिगेशन
🧪 एफएसएल रिपोर्ट ने खोला हत्या का राज pic.twitter.com/qGgZBKAYcH
— Haridwar Police Uttarakhand (@haridwarpolice) June 28, 2026
मोहम्मद अनीश के मुताबिक, उसकी बहन पिछले चार साल से बीमार चल रही थी और आरोपी पति उसका इलाज नहीं करा रहा था। इसके बाद उसने खेतों में डालने वाली जहरीली दवा, बहन की दवाई में मिलाई और पिला दी। जिससे बहन की तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई।
पीड़ित के अनुसार, आरोपित ने सच छिपाने के लिए पत्नी को अस्पताल में भी भर्ती कराया था, लेकिन पत्नी उसकी साजिश को समझ चुकी थी। उस वक्त नायब तहसीलदार द्वारा महिला के बयान भी दर्ज किए गए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की जांच प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह द्वारा की गई।
जांच के दौरान घटनास्थल से भौतिक साक्ष्य जुटाए गए और पोस्टमार्टम के बाद मृतका का बिसरा परीक्षण के लिए एफएसएल भेजा गया। एफएसएल रिपोर्ट में मृतका की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से होने की पुष्टि हुई। सबूतों और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपी पति अफजाल की भूमिका स्पष्ट होने पर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए।
पुलिस को सूचना मिली, कि आरोपी क्षेत्र छोड़कर फरार होने की फिराक में है। इस पर शनिवार को बढ़ेड़ी राजपूतान हाईवे पुल, शांतर्शाह क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया, कि वह पत्नी की बीमारी से परेशान था। इसी कारण उसने जहरीला पदार्थ दवाई में मिलाकर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस ने आरोपी अफजाल (38) निवासी मिर्जापुर मुस्तफाबाद, कोतवाली बहादराबाद के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
