दून पुलिस ने किया वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, (फोटो साभार: X@DehradunPolice)
दून पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी की सात बुलेट समेत कुल 13 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और सुनियोजित तरीके से रेकी कर वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय विवेक सिंह पुत्र धनवीर सिंह, निवासी लखवाड़ा टेंट हाउस के निकट, थाना श्यामपुर कांगड़ी, हरिद्वार और 20 वर्षीय गुरप्रीत सिंह पुत्र कुलवंत सिंह, निवासी ग्राम टाटवाला, थाना श्यामपुर कांगड़ी, हरिद्वार के रूप में हुई है।
एसएसपी&दून की सटीक रणनीति से शातिर वाहन चोर गिरोह आया दून पुलिस की गिरफ्त में,
वाहन चोरी की 07 अलग- अलग घटनाओं का दून पुलिस ने किया खुलासा,
घटनाओ को अंजाम देने वाले 02 शातिर वाहन चोरो को दून पुलिस ने किया गिरफ्तार, pic.twitter.com/G3C2OgXpgg
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) August 11, 2026
उन्होंने बताया, पटेलनगर क्षेत्र से दो बुलेट चोरी होने की शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पूर्व वाहन चोरी के आरोपियों की जानकारी जुटाई। इसी दौरान हरिद्वार बाईपास रोड स्थित कबाड़ी बाजार के पास दोनों आरोपितों को चोरी की बुलेट के साथ गिरफ्तार किया गया।
आरोपितों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर देहरादून के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए अन्य वाहन बरामद हुए। कुछ वाहनों की बरामदगी के लिए पुलिस टीम हरिद्वार और पानीपत, हरियाणा भी भेजी गई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपित योजना बनाकर अलग-अलग स्थानों पर घूमते हुए सुनसान जगहों पर खड़ें दो पहिया वाहनों को चिन्हित करते थे और मौका देखकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। वहीं पुलिस को गुमराह करने के लिए चोरी के वाहनों से नंबर प्लेट को हटाकर उन्हें गली-मोहल्लों के बीच से ले जाते हुए पहले में चिन्हित किये गये स्थान पर खड़ा कर देते थे।
आरोपित सही ग्राहक मिलने पर चोरी के वाहनों को बेच दिया करते थे। इसके अलावा अपने महंगे शौक पूरा करने के लिए आरोपित चोरी के वाहनों की नंबर प्लेट हटाकर उन्हें अपने परिचितों को किराए पर भी देते थे। बताया जा रहा है, कि एक आरोपी ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग से डिप्लोमा किया हुआ है।
