पुलिस की गिरफ्त में आरोपित, (फोटो साभार: X@DehradunPolice)
सोशल मीडिया पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपित को दून पुलिस ने अंबाला से गिरफ्तार कर लिया है। तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार 26 वर्षीय आरोपी के कब्जे से धमकी भरे पोस्ट प्रसारित करने में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, बीते गुरुवार 25 जून को अज्ञात शख्स द्वारा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का इस्तेमाल करते हुए उत्तराखंड स्थित सभी पुलिस थानों को बम के धमाके से संबंधित धमकी भरे पोस्ट को अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर व्यापक रूप से प्रसारित किया गया। जिसके बाद देहरादून की नगर कोतवाली में आरोपित के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसएसपी देहरादून के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर हरियाणा के अंबाला निवासी 26 वर्षीय जसप्रीत सिंह को बीते रविवार गिरफ्तार किया। आरोपित के कब्जे से धमकी भरे पोस्ट प्रसारित करने में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।
एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस ने सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने की साजिश की नाकाम,
उत्तराखण्ड के सभी थानों को बम विस्फोट की धमकी देने वाले अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार pic.twitter.com/e8W7lgD9Qe
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) June 29, 2026
एसपी सिटी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया है कि पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से धमकीपूर्ण टिप्पणी पोस्ट करने वाले मोबाइल फोन को बरामद किया गया है। साथ ही बरामद मोबाइल सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विधिक परीक्षण कराया जा रहा है।
पूछताछ में आरोपित ने बताया, कि कुछ दिन पहले चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में स्थानीय युवकों और सिख समुदाय के बीच हुए विवाद तथा उसके बाद हुई पुलिस कार्रवाई से वह नाराज था। उत्तराखंड पुलिस को चुनौती देने के उद्देश्य से उसने अपनी इंस्टाग्राम आईडी से उत्तराखंड के सभी थानों में बम विस्फोट की धमकी संबंधी टिप्पणी पोस्ट की थी।
