सांकेतिक चित्र
देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र में फाइनेंस कारोबारी दीपक गुप्ता की हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है। गिरफ्तार हत्यारोपी रोहन प्रजापति ने पुलिस की पूछताछ में बताया, कि दीपक गुप्ता उस पर अनैतिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ और गुस्से में आकर उसने चाकू से हमला कर दिया।
बीते बुधवार शाम दीपक हत्याकांड से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। ऑनलाइन ट्रेडर दीपक की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया है, कि कत्ल के पीछे अनैतिक संबंध बनाने को लेकर हुआ विवाद था। वहीं आरोपी 20 वर्षीय रोहन को कोर्ट ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पटेलनगर थाना क्षेत्र के देवऋषि एन्क्लेव में रहने वाले 48 वर्षीय कारोबारी दीपक गुप्ता पर शाम करीब पांच बजे उनके घर के भीतर धारदार हथियार से हमला किया गया। घटना के दौरान दीपक गुप्ता की चीख सुनकर ऊपर की मंजिल में रहने वाले परिजन कमरे में पहुंचे, तो वहां एक युवक हाथ में चाकू लिए खड़ा मिला।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर दीपक गुप्ता खून से लथपथ मृत अवस्था में निर्वस्त्र पड़े मिले। उनके गर्दन के पिछले हिस्से पर धारदार हथियार से किए गहरे घाव थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक रोहन प्रजापति को घटनास्थल से ही हिरासत में ले लिया था।
मौका-ए-वारदात से एफएसएल टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। जिसके बाद मृतक के भाई राकेश गुप्ता की तहरीर पर कोतवाली पटेलनगर में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अनैतिक संबंध बनाने के विवाद के दौरान चाकू से हत्या करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपित रोहन प्रजापति देहरादून के एक निजी कॉलेज में बीकॉम का छात्र है। उसकी पहचान दीपक गुप्ता से एक डेटिंग ऐप के माध्यम से हुई थी। आरोपी ऑनलाइन ट्रेडिंग सीखने के उद्देश्य से दीपक गुप्ता के संपर्क में आया था और घटना से पहले भी एक बार उसके घर जा चुका था।
घटना वाले दिन वो दोबारा दीपक गुप्ता के घर पहुंचा। इस दौरान दीपक ने उस पर कथित तौर पर अनैतिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। युवक के विरोध करने पर दोनों के बीच हाथापाई हुई। झड़प के दौरान रोहन ने दीपक के हाथ से चाकू छीन लिया और उस पर कई वार कर दिए। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया, कि मृतक दीपक गुप्ता मूल रूप से लखनऊ का रहने वाला था। लगभग सात-आठ वर्ष पहले उसका पत्नी से तलाक हो चुका था। इसके बाद से वह देहराखास में अपने भाई और उसके परिवार के साथ रह रहा था। सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया, कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे का मुख्य कारण स्पष्ट हो सकेगा।
