सोहेल हत्याकांड का दून पुलिस ने किया खुलासा, (फोटो साभार: etvbharat)
देहरादून में पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के भुड्डी गांव में रविवार रात वकील सोहेल हारून की हत्या के मामले का पुलिस ने महज दस घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस हत्याकांड में पुलिस ने मृतक के छोटे भाई को गिरफ्तार किया है। बता दें, कि आरोपी ने पहले अज्ञात हमलावरों द्वारा हत्या की कहानी गढ़कर पुलिस और परिजनों को गुमराह करने की कोशिश की थी।
सोमवार को देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने सोहेल हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया, कि जांच में सामने आया, कि बड़ा भाई अक्सर गलत आदतों और फिजूलखर्ची के कारण अपने छोटे भाई 21 वर्षीय शाहिद को टोका करता था। आरोपी ने कुछ दिनों पहले पिता के खाते से चोरी-छिपे पैसे निकाले थे। इस वजह से दोनों भाइयों के बीच झगड़ा भी हुआ था।
इस दौरान बड़े भाई ने अपने छोटे भाई के साथ मारपीट भी की थी। इसी घटना से नाराज होकर शाहिद ने बड़े भाई सोहेल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी और उसकी गोली मारकर हत्या भी कर दी थी।
पटेलनगर क्षेत्र में हुयी युवक की हत्या का 10 घंटे के अन्दर दून पुलिस ने किया खुलासा
युवक की हत्या करने वाले उसके छोटे भाई को दून पुलिस ने किया गिरफ्तारhttps://t.co/2TA78wpHpZ pic.twitter.com/57o19mdml2— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) June 15, 2026
पुलिस के मुताबिक, बीते रविवार देर रात को सूचना मिली, कि भुड्डी गांव में पेशे से वकील युवक को घर में घुसकर गोली मार दी गई है। घायल युवक को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सोहेल हारून निवासी भुड्डीगांव के रूप में हुई।
गौरतलब है, कि पुलिस ने जब मामले की जांच-पड़ताल शुरू की, तो पता चला, कि सोहेल हारून अपने माता-पिता और अन्य भाइयों के साथ घर में रहता था। 20-25 दिन पहले सोहेल हारून के माता-पिता हज पर गए थे। इस दौरान सोहेल अपने छोटे भाई शाहिद के साथ घर अकेला था। जांच के दौरान पुलिस ने घर और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
पुलिस को इस मामले की सूचना सुहान नाम के शख्स ने दी थी। पुलिस ने जब सुहान से इस संबंध में पूछताछ की, तो उसने बताया, कि उसके ताऊ का लड़का वसीम (जो ड्राइवर का काम करता है) ने उसे फोन बताया था, कि सोहेल के घर के पास गाड़ी को बैक करते समय उसे गोली चलने की आवाज सुनाई दी थी। सूचना पर सुहान तत्काल सोहेल के घर पंहुचा।
सुहान ने पुलिस को बताया, कि जब वो मौके पर पहुंचा, तो सोहेल के छोटे भाई शाहिद ने बताया, कि अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर सोहेल को गोली मार दी। इसके बाद दोनों सोहेल को घर के नजदीक स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों द्वारा पूछताछ के दौरान मृतक का छोटा भाई शाहिद लगातार अलग-अलग और संदिग्ध जानकारियां दे रहा था। पुलिस ने जब घर और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो पता चला, कि घटना के दौरान किसी बाहरी व्यक्ति के घर में प्रवेश करने के साक्ष्य नहीं मिले।
जांच के दौरान पुलिस ने घर और सोहेल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किया, तो मृतक के घर का कैमरे चालू था, लेकिन उसमें से रिकॉर्डिंग को हटाया गया था। वहीं, पुलिस जब घर का निरीक्षण कर रही थी, तो उन्हें बाथरूम में छिपाकर रखी गई 32 बोर की एक देशी पिस्टल भी बरामद हुई। इसके बाद जांच की दिशा ही बदल गई।
पुलिस ने शाहिद को हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की। इसके बाद शाहिद ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया, कि उसी ने अपने बड़े भाई का कत्ल किया है। उसे नशे की लत है और अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए परिवार और बड़े भाई से पैसे लेता था। उसकी गलत आदतों को लेकर उसका बड़ा भाई सोहेल अक्सर उसे टोकता था।
कुछ दिन पहले आरोपी शाहिद ने अपने पिता के बैंक अकाउंट से एटीएम के जरिए लगभग 10 लाख रुपये निकालकर खर्च कर दिए थे, जिसको लेकर दोनों भाइयों के बीच झगड़ा हुआ था और सोहेल ने उसकी पिटाई भी की थी। रोक-टोक और मारपीट से नाराज शाहिद ने अपने भाई को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया।
हत्यारोपी ने वारदात को अंजाम देने के दो दिन पहले घर के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग बंद कर दी और मौका मिलते ही रविवार रात अपने पास रखी देशी पिस्टल से अपने भाई सोहेल को गोली मार दी। हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात शख्स द्वारा घर में घुसकर गोली मारने की झूठी कहानी बनाई।
इतना ही नहीं, उसने मृतक के शव को देहरादून-पोंटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर प्रदर्शन और जाम लगाने का भी प्रयास किया, ताकि जांच की दिशा बदल सके। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया, कि पुलिस ने जाम लगाने और कानून व्यवस्था बाधित करने के मामले में भी संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी शाहिद को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
