सांकेतिक चित्र
चमोली जिले के गोपेश्वर में मंगलवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा नगर के लीसा फैक्ट्री बाईपास मोड़ पर हुआ, जहां तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार ट्रक के नीचे फंस गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान मुकेश नेगी पुत्र कलम सिंह, निवासी गोपेश्वर के रूप में हुई है। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन युवक बाइक समेत ट्रक के नीचे बुरी तरह फंसा हुआ था।
पुलिस ने जेसीबी की सहायता से उसे बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक गवीलो गांव के पास सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को टक्कर मारते हुए गोपेश्वर की ओर भाग रहा था।
इस बीच पटियालधार चौकी पर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन चालक बैरिकेड्स तोड़कर फरार हो गया। इसके बाद लीसा फैक्ट्री बाईपास मोड़ पर उसने मुकेश नेगी की बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया, कि घटना के बाद पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय निवासियों ने भी घटना को लेकर भारी गुस्सा है। लोगों का आरोप है, कि खनन सामग्री ढोने वाले तेज रफ्तार ट्रकों पर पुलिस प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पा रही है।
उन्होंने कहा, कि यदि समय रहते ट्रक को रोक लिया जाता, तो शायद यह हादसा टल सकता था। मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग करते हुए लोगों ने इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
