सांकेतिक चित्र, (फोटो साभार: आज तक)
जयपुर में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट AI-2030 की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। कथित हाईजैक की सूचना मिलने के बाद फ्लाइट को सुरक्षा के मद्देनजर तुरंत जयपुर की तरफ डायवर्ट किया गया, जहां एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग के बाद विमान की गहन जांच की गई।
समाचार एजेंसी एएनआई हिंदी की एक्स पोस्ट के मुताबिक, “फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ़्लाइट AI2030, जिसे आज पहले हाईजैक की आशंका के चलते सुरक्षा अलर्ट के बाद जयपुर डायवर्ट किया गया था। यह विमान जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा और इसे सुरक्षा जांच के लिए ले जाया गया।”
#WATCH राजस्थान: फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ़्लाइट AI2030, जिसे आज पहले हाईजैक की आशंका के चलते सुरक्षा अलर्ट के बाद जयपुर डायवर्ट किया गया था, अब जयपुर एयरपोर्ट से रवाना हो गई है।
यह विमान जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा और इसे सुरक्षा जांच के लिए ले जाया गया।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 14, 2026
रिपोर्ट्स के अनुसार, जब यह विमान मुंबई फ्लाइट इन्फॉर्मेशन रीजन के हवाई क्षेत्र में था, तभी अचानक पायलट ने ‘स्क्वाक कोड 7500’ दबा दिया। दरअसल, विमानन नियमों के तहत यह खास कोड तब इस्तेमाल किया जाता है, जब विमान के हाईजैक होने या उसमें किसी तरह के गैर-कानूनी दखल की आशंका होती है।
इस कोड के एक्टिवेट होते ही दिल्ली और मुंबई के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) अलर्ट हो गए। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से यह दावा भी किया जा रहा है, कि पायलट से यह हाईजैक अलर्ट वाला बटन गलती से दब गया था, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर फ्लाइट को तुरंत जयपुर की तरफ मोड़ा गया और सुरक्षित लैंड कराया गया।
जयपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया। यहां सीआईएसएफ, स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने विमान के साथ यात्रियों के सामान की जांच शुरू की। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के सूत्रों के मुताबिक, मामले की जांच अभी जारी है और फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना अभी जल्दबाजी होगी।
