नितिन नवीन और CM धामी ने महालक्ष्मी अष्टभुजा मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को अपने उत्तराखंड दौरे के दूसरे दिन की शुरुआत बरेली रोड स्थित श्री महालक्ष्मी अष्टभुजा मंदिर में दर्शन के साथ की। हल्द्वानी स्थित अष्टभुजा मंदिर में पूजा-अर्चना कर बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मां महालक्ष्मी से देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पौड़ी गढ़वाल के सांसद अनिल बलूनी समेत कई वरिष्ठ नेता उनके साथ उपस्थित रहे। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की जमकर प्रशंसा की।
#WATCH | Haldwani: BJP National President Nitin Nabin and Uttarakhand Chief Minister Pushkar Singh Dhami offer prayers and perform rituals at the Mahalaxmi Temple in Haldwani. pic.twitter.com/UP9BGyawlv
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) September 10, 2026
बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उत्तराखंड को वीरों और शहीदों की भूमि बताते हुए देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन भी किया।। उन्होंने कहा, कि देवभूमि अपनी समृद्ध विरासत, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं के लिए देश-दुनिया में विशेष पहचान रखती है।
बता दें, कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष इन दिनों उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर हैं। हल्द्वानी में आयोजित बीजेपी की प्रदेश विस्तारित कार्यसमिति की बैठक में उन्होंने पार्टी संगठन को लेकर कई महत्वपूर्ण संदेश दिए। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत हासिल करने के मंत्र भी सुझाए।
गौरतलब है, कि वर्ष 2029 में देश में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा की निगाह देश के पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव पर है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मानते हैं, कि उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा और मणिपुर में 2027 में होने वाले चुनाव भाजपा के लिए केंद्र में पहुंचने का रास्ता तैयार करेंगे।
दरअसल, अगले साल होने वाले उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को पार्टी बेहद महत्वपूर्ण मान रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं का यह कहकर उत्साहवर्धन भी किया, कि उत्तराखंड के विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए बेहद अहम हैं, क्योंकि पवित्र देवभूमि में खिलने वाले कमल की सुगंध पूरे देश में फैलेगी।
