सांकेतिक चित्र (फोटो साभार: Gemini Canvas /canva)
मेरठ से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, इलाके में दो सहेलियों के बीच प्रेम-प्रसंग का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थिति यह हो गई है, कि दोनों एक दूसरे से दूर नहीं रह पा रही है। इस घटनाक्रम के बाद दोनों युवतियों के परिवारों में भारी आक्रोश है और वो मामले में कुछ भी बोलने से इंकार कर रहे है।
जानकारी के मुताबिक, मेरठ जिले के जानीखुर्द थाना क्षेत्र स्थित एक गांव में दो सहेलियों के बीच प्यार और शादी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है, कि दोनों सहेलियों ने समाज और परिवार की बंदिशों की परवाह किए बिना आपस में विवाह तक कर लिया।
यह मामला उस वक्त और ज्यादा पेचीदा हो गया, जब परिजनों ने पिछले हफ्ते इनमें से एक युवती की शादी जबरन गाजियाबाद के लोनी बार्डर निवासी एक युवक से करा दी, लेकिन प्यार की जिद के आगे यह शादी सात दिन भी ठीक से टिक नहीं सकी, जब दूसरी युवती पुलिस को साथ लेकर अपनी सहेली के ससुराल जा पहुंची।
दोनों युवतियों के बीच एक लंबे वक्त से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने अपने घरवालों की नजरों से बचकर कोर्ट मैरिज भी कर ली थी। जब इसकी भनक एक युवती के परिजनों को लगी, तो उन्होंने आनन-फानन में उसकी मर्जी के खिलाफ लोनी बॉर्डर गाजियाबाद निवासी एक युवक से उसका विवाह कर उसे घर से विदा कर दिया।
इस बीच दूसरी युवती अपनी सहेली (पत्नी) की दूरी बर्दाश्त नहीं कर पाई और लोनी पुलिस को साथ लेकर अपनी सहेली के ससुराल पहुंच गई। इस दौरान सूचना पर दोनों युवतियों के परिजन भी मौके पर पहुंचे, लेकिन दोनों साथ रहने की जिद पर कायम रही।
कानूनी पेचीदगियों और युवतियों के आपसी सहमति को देखते हुए पुलिस की उपस्थिति में युवती अपनी सहेली को अपने साथ ले गई। वहीं इस घटनाक्रम के बाद दोनों युवतियों के परिजनों से जब मीडियाकर्मियों ने बात करने की कोशिश की, तो उन्होंने मामले में कुछ भी बोलने से मना कर दिया।
परिजनों ने बस इतना ही कहा, कि अब उनके परिवार का इन युवतियों से कोई संबंध नहीं है और उन्होंने अपनी बेटियों के बारे में किसी भी तरह की जानकारी होने से पल्ला झाड़ लिया। वहीं यह मामला रविवार को क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
'सुहागरात से पहले ही बेचारे दूल्हे के साथ खेला हो गया'
मेरठ की 2 सहेलियों के समलैंगिक विवाह का मामला सामने आया है. एक युवती के परिजनों ने 6 जुलाई को गाजियाबाद के युवक से शादी कर दी. अगले दिन ही दुल्हन को खुद की पत्नी बताने वाली युवती दूल्हे के घर पुलिस लेकर पहुंच गई. घंटों… pic.twitter.com/PKVuWePCfu
— Raju Sharma journalist (@RajuSharmajour1) July 13, 2026
वीडियो में दोनों युवती अपने विवाह करने और साथ रहने की बात कह रही हैं। दो युवतियों के आपस में विवाह करने और फिर फिल्मी अंदाज में पुलिस के साथ जाकर ससुराल से विदा कराकर लाने की यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। फिलहाल दोनों युवतियां साथ हैं।
