बेटी को लात मारने वाली माँ हिरासत में (फोटो साभार : सोशल मीडिया)
सोशल मीडिया पर नवी मुंबई के पनवेल से दिल को झकझोर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक महिला को छोटी बच्ची को लात मारते देखा जा सकता है। इस खौफनाक और अमानवीय घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी मां को हिरासत में लिया है।
घटना महाराष्ट्र के नवी मुंबई के एक आंगनबाड़ी केंद्र की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में एक महिला बच्ची को इतनी जोर से लात मारती है, कि मासूम बच्ची सीमेंट की एक सीढ़ी से नीचे गिर जाती है। जिसके बाद बच्ची रोना शुरू कर देती है, लेकिन वो महिला उसके पास जाने के बजाय अंदर चली जाती है।
इसके बाद वीडियो में नजर आ रहा है, कि दूसरी महिला आती है और हंसते हुए रोती हुई बच्ची को उठाती है। गनीमत रही, कि घटना में बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है। बताया जा रहा है, कि बच्ची की उम्र सिर्फ 2 साल है। वीडियो के संज्ञान में आने के बाद पनवेल सिटी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित माँ को हिरासत में ले लिया है।
शुरुआत में सोशल मीडिया पर दावा किया गया, कि लात मारने वाली महिला आँगनवाड़ी वर्कर है। हालाँकि, पुलिस जाँच और राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे के बयान से स्पष्ट हुआ, कि वह महिला बच्ची की सगी माँ है।
महाराष्ट्र की महिला और बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे ने एक्स पोस्ट पर जानकारी दी है, कि पनवेल के वायरल वीडियो में दिख रही महिला आंगनबाड़ी वर्कर नहीं है। वह बच्चे की अपनी मां है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर इस झूठे दावे के साथ तेजी से फैल रहा है, कि एक आंगनबाड़ी वर्कर ने बच्चे को पीटा।
पनवेलमधील व्हायरल व्हिडिओमधील महिला अंगणवाडी सेविका नाही, ती त्या मुलीची स्वतःची आई आहे.
सोशल मीडियावर हा व्हिडिओ "अंगणवाडी सेविकेने मारहाण केली" असा खोटा दावा करत वेगाने पसरत आहे. महिला व बालविकास विभागाने तातडीने दखल घेत संबंधित CDPO यांना प्रत्यक्ष घटनास्थळी पाठवून चौकशी… pic.twitter.com/C4cszHawBc
— Aditi S Tatkare (@iAditiTatkare) June 26, 2026
उन्होंने बताया, कि महिला और बाल विकास विभाग ने तत्काल इस मामले का संज्ञान लिया और संबंधित CDPO को जांच के लिए घटनास्थल पर भेजा। जांच में सामने आया, कि वह महिला आंगनबाड़ी वर्कर नहीं, बल्कि बच्चे की अपनी मां है।
महिला ने पूछताछ में बताया, कि बच्ची आँगनवाड़ी जाने से मना कर रही थी। इसी बात पर उसे गुस्सा आ गया और उसने यह कदम उठा लिया। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल चेकअप कराया है। मामले की पूरी रिपोर्ट बाल कल्याण समिति (CWC) को भेज दी गई है। समिति के निर्देश के बाद अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
