सांकेतिक चित्र (फोटो साभार : अमर उजाला)
देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र अंतर्गत शिमला बायपास रोड स्थित बुड्ढी गांव में रविवार रात बदमाशों ने गोली मारकर एडवोकेट को मौत के घाट उतार दिया। हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान साहिल उर्फ सोहेल के रूप में हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया था।
जानकारी के अनुसार, पेशे से वकील साहिल वारदात के समय अपने घर में भाई के साथ मौजूद था। बताया जा रहा है, कि देर रात कुछ हमलावर सुनियोजित तरीके से वहां पहुंचे और साहिल को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों और परिजनों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। दरअसल, एक दिन पहले ही बैरागीवाला में भाजपा नेता विनोद की हथौड़े से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
मौका-ए-वारदात पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच पड़ताल करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की। वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया, कि प्रारंभिक जाँच में मामला पुरानी रंजिश या किसी पूर्व नियोजित साजिश से जुड़ा हो सकता है, इसलिए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
