फ्रांस पहुंचे पीएम मोदी, (फोटो साभार - एक्स/@narendramodi)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस और स्लोवाकिया की एक सप्ताह की यात्रा के पहले चरण में शनिवार को नीस पहुंच गए है। फ्रांस पहुंचने पर भारतीय समुदाय द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम के अनुसार आज पीएम मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ अहम द्विपक्षीय बैठक करेंगे। बैठक में दोनों नेता विभिन्न रणनीतिक, आर्थिक और तकनीकी क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा कर सकते हैं।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के माध्यम से जानकारी दी, “नीस पहुँच गया हूँ। नीस के अलावा, इस फ्रांस दौरे में एवियन और पेरिस में प्रोग्राम शामिल है। बाइलेटरल और मल्टीलेटरल एंगेजमेंट होंगे। इनका मुख्य उद्देश्य डेवलपमेंट पार्टनर्स के साथ भारत की दोस्ती को बेहतर बनाना होगा। मैं कल प्रेसिडेंट मैक्रों से मिलने और ‘भारत इनोवेट्स’ में शामिल होने का इंतजार कर रहा हूँ।”
Je viens d’atterrir à Nice. Outre Nice, cette visite en France comprend des programmes à Évian et à Paris. Elle sera marquée par des rencontres bilatérales et multilatérales, visant à renforcer les liens d’amitié de l’Inde avec ses partenaires clés en matière de développement.… pic.twitter.com/hB9zCWoWoZ
— Narendra Modi (@narendramodi) June 13, 2026
भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, कि प्रधानमंत्री मोदी का नीस दौरा खास सेक्टर्स में भारत-फ्रांस के बीच सहयोग को और मजबूत करेगा। इसमें इनोवेशन पर विशेष रूप से फोकस होगा। उन्होंने बताया, कि भारत और फ्रांस मिलकर 2026 को ‘ईयर ऑफ इनोवेशन’ के तौर पर मनाएंगे।
फ्रांस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों संयुक्त रूप से ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में भारत, फ्रांस और अन्य देशों के प्रमुख स्टार्टअप, नवाचार विशेषज्ञ और वेंचर कैपिटल फंड भाग लेंगे। यह मंच उभरते उद्यमियों और नवाचार क्षेत्र से जुड़े प्रतिभागियों को अपनी नई तकनीकों, उत्पादों और समाधानों को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर देगा।
बता दें, कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फ्रांस दौरा राष्ट्रपति मैक्रों के निमंत्रण पर हो रहा है। इसे दो चरणों में पूरा किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी 13-14 जून को नीस में रहेंगे। उसके बाद 14-15 जून को स्लोवाकिया जाएंगे। बाद में 16-18 जून को एवियन और पेरिस में कार्यक्रमों के लिए फ्रांस वापस लौटेंगे।
