ऋषिकेश में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, (फोटो साभार: X@ETVBharatUK)
श्यामपुर के भट्टोवाला क्षेत्र में शराब पीने से रोकने पर स्थानीय लोगों पर फायरिंग करने के मामले में फरार दो बदमाशों को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपितों के पैरों में गोली लगी है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों का बिहार में आपराधिक इतिहास रहा है। उनके खिलाफ हत्या, लूट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, प्रमेंद्र डोबाल के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रविवार देर रात ऋषिकेश क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो वांछित बदमाश घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी कुछ दिन पूर्व ऋषिकेश में हुई फायरिंग की घटना में वांछित चल रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस टीम ने एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को देखा, जिन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो बदमाश बैरियर को टक्कर मारते हुए मौके से फरार हो गए और श्यामपुर की ओर भागने लगे।
#एसएसपी_दून की सख्ती अपराधियों के मंसूबों को नाकाम करती #दून_पुलिस#ऑपरेशन_प्रहार के तहत एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस अपराधियों पर कर रही लगातार कड़ी कार्यवाही
देर रात ऋषिकेश क्षेत्र में बदमाशों के साथ हुई पुलिस टीम की मुठभेड, 02 बदमाश हुए घायल, गिरफ्तार pic.twitter.com/5SmIB8LNIT
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) June 8, 2026
जिसके बाद पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया, खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिससे वे घायल होकर गिर पड़े और पुलिस ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। पुलिस सुरक्षा के बीच उन्हें इलाज के लिए राजकीय चिकित्सालय भेजा गया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की। प्रारंभिक जांच में सामने आया, कि दोनों बदमाश हाल ही में ऋषिकेश में हुई फायरिंग की घटना में शामिल थे, जिसमें दो व्यक्तियों को गोली मारकर घायल कर दिया गया था। इस मामले में दोनों की तलाश की जा रही थी।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपियों की स्थिति तथा पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने बताया, कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
बता दें, कि गुरुवार 4 जून को भट्टोवाला क्षेत्र में सड़क किनारे शराब पी रहे तीन युवकों को स्थानीय लोगों ने टोक दिया था। आरोप है, कि इसके बाद युवक अवैध हथियारों के साथ दोबारा मौके पर पहुंचे और जान से मारने की नीयत से स्थानीय लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। घटना में जसपाल रावत और मनीष व्यास उर्फ नरेश व्यास घायल हो गए थे।
घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने एक बदमाश वसीम अख्तर निवासी इस्लामपुर, थाना नानपुर, जिला सीतामढ़ी (बिहार) को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। जबकि उसके साथी आमिर निवासी पंडोर और अनवर निवासी बथली, जिला सीतामढ़ी (बिहार) फरार चल रहे थे। दोनों आरोपितों पर पुलिस ने 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर विभिन्न संगठनों ने पुलिस को 48 घंटे का अल्टीमेट दिया था और सोमवार सुबह 10 बजे से हाईवे जाम करने की चेतावनी दी थी। इसी बीच बीते रविवार की देर रात खांड गांव के पीछे स्थित जंगल क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमे पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है।
