अजय भटेजा हत्याकांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, (फोटो साभार: X@DehradunPolice)
देहरादून के चर्चित अजय भटेजा हत्याकांड में पिछले एक साल से फरार चल रहे 50 हजार के इनामी अमित भटेजा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। राजपुर क्षेत्र में वर्ष 2025 में हुई हत्या के मामले में आरोपी पर अपने सौतेले भाई की हत्या की साजिश रचने के आरोप है। आरोपी ने प्रॉपर्टी विवाद के चलते सुपारी देकर अपने भाई की हत्या कराई थी।
पुलिस के मुताबिक, मई 2025 को जतिन निवासी जीएमएस रोड ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, कि अज्ञात द्वारा उनके ममेरे भाई अजय भटेजा के निवास स्थान जाखन देहरादून में उनकी हत्या कर दी गई है। तहरीर के आधार पर थाना राजपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने घटना में शामिल आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाते हुए मई 2026 को हत्याकांड को अंजाम देने वाले मुजफ्फरनगर के कुख्यात अपराधी राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में जैकी ने अजय भटेजा के भाई अमित के कहने पर अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ मिलकर अजय की तकिए से मुंह दबाकर हत्या करना स्वीकार किया।
जिसके बाद पुलिस टीम ने घटना में शामिल आरोपी महिला हुमेरा उर्फ जोया को 23 मई 2026 को सहारनपुर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार हत्यारोपियों के बयानों के आधार पर घटना के मास्टरमाइंड अमित भटेजा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार उसके सभी ठिकानों पर दबिश दे रही थी।
इसी क्रम में पुलिस टीम ने फरार 50 हजार के इनामी आरोपी अमित भटेजा को आज जिला न्यायालय के बाहर से गिरफ्तार किया। उसके पास एक बैग से कुछ संपत्ति और गाड़ियों के कागजात बरामद हुए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने प्रेस वार्ता के दौरान मीडियाकर्मियों को बताया, कि आरोपी का बड़ा सौतेला भाई अजय भटेजा शराब पीने का आदी था। उसके नाम देहरादून और मसूरी में कई संपत्तियां दर्ज थी। संपत्तियों में आरोपी के पिता का पैसा भी लगा हुआ था।
SSP_देहरादून के नेतृत्व में #दून_पुलिस को मिली एक और सफलता
01 वर्ष पूर्व राजपुर में हुई हत्या की घटना का मास्टरमाइंड 50 हज़ार का ईनामी अभियुक्त आया दून पुलिस की गिरफ्त में
प्रोपर्टी विवाद के चलते अभियुक्त द्वारा सुपारी देकर कराई थी अपने सौतेले भाई की हत्या pic.twitter.com/p3tFENQWPz
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) June 5, 2026
आरोपी ने अजय भटेजा से पहले भी कई बार अपनी प्रापर्टी में से कुछ हिस्सा देने को कहा, लेकिन वह उसे प्रॉपर्टी में कोई हिस्सा न देकर सारा पैसा अपनी मौजमस्ती और शराब में लुटा रहा था। मई 2025 को आरोपी अमित घटना में शामिल राजन उर्फ जैकी, उसकी प्रेमिका हुमेरा और एक अन्य व्यक्ति को अजय भटेजा का मसूरी स्थित कॉटेज दिखाने ले गया था।
इस दौरान जैकी को अमित ने सौतेले भाई द्वारा संपत्ति में हिस्सा न देने की बात बताई। अमित ने सौतेले भाई को रास्ते से हटाने के एवज में जाखन स्थित संपत्ति में आधा हिस्सा और नकुड सहारनपुर में हुए गोलीकांड जिसमें राजन का नाम शामिल था, उसका नाम ना आने देने का ऑफर दिया। इस पर राजन उर्फ़ जैकी अजय की हत्या करने के लिए तैयार हो गया।
योजना के मुताबिक, 25 मई 2025 को जैकी और जोया ने अजय भटेजा के जाखन स्थित घर में उसकी तकिये से मुंह दबाकर हत्या कर दी और घटना के बाद दोनों मौके से भाग गए। घटना के अगले दिन सुबह आरोपी अमित भटेजा मौका देखकर कमरे में गया और वहां रखे प्रॉपर्टी के कागजात व अन्य दस्तावेज उठाकर अपने साथ ले गया।
कुछ दिन पहले घटना में शामिल हत्यारोपियों जैकी और हुमेरा के पकड़े जाने और अपना नाम सामने आने पर अमित चोरी-छिपे अपने वकील से मिलने देहरादून न्यायालय जा रहा था। इससे पहले पुलिस द्वारा उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है, कि मामले में शामिल सभी प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
