नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी रियाज गिरफ्तार, (फोटो साभार: X@ETVBharatUK)
हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है, कि दूध की सप्लाई का काम करने वाला रियाज स्कूली छात्रा को लगातार परेशान कर रहा था। यह प्रकरण जब मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों के संज्ञान में आया, तो उन्होंने आरोपी युवक को सबक सिखाते हुए उसकी जमकर धुनाई कर दी।
जानकारी के अनुसार, कनखल क्षेत्र में रियाज नाम का एक युवक दूध बेचने का काम करता है। आरोप है, कि रियाज एक नाबालिग छात्रा के साथ लगातार छेड़छाड़ कर रहा था। जब मनचला अपनी हरकतों से बाज नहीं आया, तो छात्रा ने अपने घरवालों को घटना की जानकारी दी। बीते मंगलवार को रोजाना की तरह छात्रा अपने स्कूल जा रही थी।
आरोप है, कि रियाज ने छात्रा के साथ फिर से अश्लील तरीके से छेड़छाड़ कर दी। नाबालिग छात्रा के विरोध करने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्कूली छात्रा की आपबीती सुनकर लोग गुस्से से आग बबूला हो गए। पहले तो उन्होंने युवक को काफी खरी-खोटी सुनाई, हालांकि इसके बाद भी रियाज की अकड़ कम नहीं हुई और वो लोगों से ही उलझ पड़ा।
इसके बाद गुस्साई भीड़ ने आरोपी की जमकर धुनाई कर डाली और पुलिस को सूचना दी, लेकिन इस दौरान मौका पाकर रियाज भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। वहीं पीड़ित छात्रा की मां ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर बताया, कि उनकी नाबालिग बेटी को स्कूल आने-जाने के दौरान रियाज नाम का युवक पिछले एक हफ्ते से परेशान कर रहा था।
आरोप है, कि विरोध करने के बावजूद रियाज छेड़खानी कर रहा था। पुलिस ने मामले का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज किया। हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर द्वारा नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ जैसे संवेदनशील मामले को देखते हुए कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व मे तत्काल पुलिस टीम का गठन किया।
कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया, कि पीड़ित छात्रा की मां की शिकायत पर रियाज पुत्र हुसैन अली निवासी गुर्जर बस्ती, पदार्था के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम द्वारा चंद घंटों में ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की तैयारी की जा रही है।
