मौसम विज्ञान केंद्र ने आगामी दो दिनों के लिए देहरादून समेत 11 जिलों के लिए तेज बौछारों वाली बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि मौसम विभाग ने 29 अगस्त के बाद बारिश का दौर थमने की संभावना भी व्यक्त की है, और उसके बाद बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की है। वहीं देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में रविवार को धूप निकली, जिससे तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, अगस्त महीने के अंतिम सप्ताह में मौसम खुलने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, इस हफ्ते बहुत भारी बारिश की संभावना नहीं है। विभिन्न जिलों में आकाशीय बिजली गिरने के साथ तेज बौछारें पड़ सकती है। वहीं बीते शुक्रवार की रात और शनिवार तड़के देहरादून के आसपास के क्षेत्रों में एक से दो दौर तेज बौछारें के साथ बारिश हुई थी, लेकिन उसके बाद वर्षा का दौर लगभग थम गया है।
Forecast/warning for Uttarakhand issued on 27.08.2023 pic.twitter.com/QKFhPYTNtL
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) August 27, 2023
उल्लेखनीय है, कि उत्तराखंड में मानसून के करीब दो महीने पहले दस्तक देने के बाद ये पहली बार है, कि आने वाले सप्ताह में राज्य में वर्षा की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। वहीं आने वाले हफ्ते में अधिकतर जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, उत्तराखंड में जुलाई में 552.7 एमएम बारिश हुई थी, जो सामान्य से 32 फीसदी अधिक है। जबकि, 25 अगस्त तक 342.3 एमएम बारिश हो चुकी है।
इस बार मानसून सीजन में सामान्य से पांच फीसदी अधिक वर्षा हुई है। उत्तराखंड में बारिश के पैटर्न में बदलाव भी देखने को मिल रहा है, जिससे हर मानसून में राज्य में भारी तबाही मच रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दुनिया में ग्लोबल वॉर्मिंग जैसे-जैसे बढ़ेगी, मौसम के पैटर्न में बदलाव आएगा। इसके चलते बारिश की तीव्रता और बढ़ सकती है, और ग्लोबल वॉर्मिंग के कई दुष्परिणाम आने भविष्य में देखने को मिल सकते है।
