किशोरी के अपहरण की घटना का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, (फोटो साभार: X@DehradunPolice)
देहरादून में पैसों के लालच में कलयुगी मां ने अपनी नाबालिग बेटी का सौदा डेढ़ लाख रुपये में कर दिया और जब पैसे पूरे नहीं मिले, तो उसने पुलिस के सामने अपहरण की झूठी कहानी रचते हुए मुकदमा दर्ज करवा दिया। पुलिस ने इस मामले में मां समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया, कि बीती पांच जुलाई को सहस्रधारा रोड क्षेत्र की रहने वाली महिला ने अपनी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी के किडनैपिंग की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर इस मामले में मुकदमा दर्ज कर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट को प्रकरण की जांच के निर्देश जारी किये गए।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम को मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए नाबालिग के मुजफ्फरनगर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर मनीष और लवी कुमार को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से नाबालिग को सकुशल बरामद कर किया गया।
#SSP_देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस का बड़ा खुलासा,
नाबालिक युवती के अपरहण की घटना का दून पुलिस ने किया पर्दाफाश,
घटना से जुडी हर कडी को जोडते हुए पुलिस पहुंची घटना की तह तक,
पीडित नाबालिग की माँ ही निकली पूरे प्रकरण की सूत्रधार, pic.twitter.com/RMYULYZdLh
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) August 3, 2026
पुलिस की पूछताछ में लवी कुमार ने बताया, कि उसने पिंकी मलिक निवासी ग्राम कुकड़ा मंडी, जिला मुजफ्फरनगर के माध्यम से नाबालिग को उसकी मां से डेढ़ लाख रुपए में खरीदा था। इसके बाद उसने विवाह कराने के उद्देश्य से किशोरी को दो लाख रुपये में मनीष को बेच दिया था।
इस खुलासे के बाद पुलिस ने पिंकी मलिक को मुजफ्फरनगर और पीड़िता की मां को देहरादून से गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में पीड़िता की मां ने कबूल किया, कि उसकी मुलाकात पिंकी मलिक से एक समारोह में हुई थी। पैसो के लालच में उसने अपनी नाबालिग बेटी को बेचने का सौदा डेढ़ लाख रुपए में किया था।
पिंकी और लवी ने किशोरी को डेढ़ लाख में खरीदा और मनीष को दो लाख में बेच दिया, जबकि किशोरी की मां को 80 हजार रुपये ही दिए। जबकि शेष रकम बाद में देने का वादा किया गया था। जब बाकी रकम नहीं मिली, तो उसने किशोरी के अपहरण की झूठी कहानी बनाकर पुलिस में मुकदमा दर्ज करवा दिया।
