सृष्टि कंडारी मौत मामले में आरोपित पति और ननद गिरफ्तार, (फोटो साभार: जागरण )
देहरादून के हर्रावाला क्षेत्र में नवविवाहिता सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपित पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को उनके आवास से गिरफ्तार किया है। इसके बाद डोईवाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल कराने के बाद पुलिस दोनों को अपने साथ ले गई।
देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने शनिवार को प्रेस वार्ता के दौरान मीडियाकर्मियों को जानकारी दी, “डोईवाला पुलिस ने शिक्षिका की संदिग्ध मौत के मामले में आरोपित पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। मामले में नामजद सास की भूमिका की भी जांच जारी है।”
महिला तथा बाल अपराधों के प्रति संवेदनशील दून पुलिस
दहेज हत्या में आरोपी पति व ननद पहुँचे सलाखों के पीछे।
शिक्षिका की दहेज हत्या के प्रकरण में त्वरित कार्यवाही हेतु एसएसपी देहरादून द्वारा क्षेत्राधिकारी डोईवाला के नेतृत्व में विशेष टीम का किया था गठन। pic.twitter.com/u2EPh8OdTO
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) August 1, 2026
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) निवासी सीमा कंडारी ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर आरोप लगाया, कि उनकी पुत्री सृष्टि कंडारी का विवाह नवंबर 2025 में लक्षमण एन्क्लेव, दिल्ली फार्म, हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा सृष्टि को प्रताड़ित किया जा रहा था।
शिकायत में आरोप लगाया गया, कि सृष्टि को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाता था और ससुराल में होने वाली किसी भी अनहोनी के लिए उसे मनहूस कहकर जिम्मेदार ठहराया जाता था। मृतका की मां ने पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी, ननद चारू और अन्य परिजनों की संलिप्तता का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
गौरतलब है, कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने पहले ही सीओ डोईवाला के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की थी। इसके बाद नवविवाहिता शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में शुक्रवार को मृतका की मां सीमा कंडारी ने डोईवाला कोतवाली पहुंचकर अपने बयान दर्ज कराए।
प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसांई ने बताया, कि मृतका की मां की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मृतका के परिजनों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। मृतका की मां द्वारा भी पुलिस को एक वीडियो उपलब्ध कराया गया है, जिसमें सृष्टि ने विवाह के बाद ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने की बात कही थी।
पुलिस का कहना है, कि शिक्षिका की संदिग्ध मौत के मामले में गिरफ्तार पति और ननद से पूछताछ की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। साथ ही मामले में उपलब्ध सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सरकारी शिक्षिका सृष्टि की मौत के बाद मां सीमा कंडारी की हालात ऐसे नहीं है, कि वह मीडिया से बात नहीं कर सके। ऐसे में भतीजे हिमांशु ने द्वारा परिवार की पीड़ा साझा करते हुए बताया, कि सृष्टि अक्सर मां से ससुराल वालों के उत्पीड़न का जिक्र किया करती थी, लेकिन रिश्ते को बचाए रखने की कोशिश में उसने कभी खुलकर कुछ नहीं कहा।
शादी के बाद से ही सृष्टि मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना सह रही थी, फिर भी रिश्ते को बचाने की उम्मीद में उसने कभी समाज के सामने अपना दर्द नहीं रखा। लगातार मानसिक तनाव और प्रताड़ना ने उसे भीतर से तोड़ दिया था। उन्होंने कहा, कि शादी के तीन महीने बाद सृष्टि के ससुर को दिल का दौरा पड़ा।
उस दौरान ससुराल वालों ने किसी पंडित के कहने पर उसे ‘मनहूस’ घोषित कर दिया। हाल ही में घटना से तीन दिन पहले ससुर के निधन के बाद सृष्टि पर मानसिक दबाव बहुत ज्यादा बढ़ गया था। सृष्टि की मां सीमा कंडारी ने बताया, जब उनका सृष्टि से संपर्क नहीं हो पाया, तो उन्होंने एक जान-पहचान वाले को उसके ससुराल भेजा।
बताया जा रहा है, कि परिचित द्वारा ससुराल में संपर्क करने पर पता चला, कि सृष्टि अस्पताल में भर्ती है। जबतक मायके वाले देहरादून पहुंचे, तबतक सृष्टि की मृत्यु हो चुकी थी। शादी के महज आठ महीने बाद ही सृष्टि की मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
