एक्टर प्रदीप रावत, (फोटो साभार: सोशल मीडिया)
भारतीय सिनेमा जगत में लगान और गजनी जैसी मेगा-ब्लॉकबस्टर फिल्मों और बी आर चोपड़ा के ‘महाभारत’ धारावाहिक में अपनी अदायगी से दिल जीतने वाले अभिनेता प्रदीप रावत का कैंसर से निधन हो गया है। बताया जा रहा है, कि 74 वर्षीय अभिनेता लंबे समय से ब्लड कैंसर के कारण बीमार थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रदीप रावत के मैनेजर ने अभिनेता के निधन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया, कि प्रदीप रावत करीब पांच साल से ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे और पिछले एक महीने से मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में इलाज चल रहा था, लेकिन उनकी हालत में कुछ खास सुधार नहीं हो पाया।
'Ghajini' actor Pradeep Rawat passes away at 74 after battle with cancer
Read @ANI Story | https://t.co/Wg3xDLHL8e#PradeepRawat #Ghajini #Actor pic.twitter.com/X7BqDkTciv
— ANI Digital (@ani_digital) August 4, 2026
बी.आर. चोपड़ा के ‘महाभारत’ से अपने अभिनय की शुरुआत करने वाले प्रदीप रावत ने कई चर्चित फिल्मों में अहम किरदार निभाए और खासतौर पर विलेन की भूमिका से सबको हैरान किया। उन्होंने बॉलीवुड के अलावा दक्षिण भारतीय सिनेमा की फिल्मों में भी काम किया, ऐसे में उनके निधन से साउथ फिल्म इंडस्ट्री में भी शोक की लहर है।
अंबाला निवासी प्रदीप रावत का एक्टिंग की दुनिया में आने का दूर-दूर तक कोई प्लान नहीं था। अपने पिता की तरह वह भी भारतीय सेना जॉइन करना चाहते थे, लेकिन किस्मत उन्हें अभिनय तक ले आई। जबलपुर में उन्हें एक बैंक में नौकरी मिल गई, लेकिन इसी बीच वह राज बब्बर के थिएटर ग्रुप से जुड़ गए और अभिनय कि बारीकियां सीखने लगे।
रंगमच में अभिनय के दौरान राज बब्बर के एक मित्र की निगाह उन पर पड़ी और उनकी सलाह पर उन्होंने बीआर चोपड़ा के टीवी सीरियल ‘महाभारत’ में अस्वत्थामा के किरदार के लिए ऑडिशन दिया और ये किरदार उन्हें मिल गया, जिससे उनकी फिल्मों की दुनिया में राह आसान हो गई।
प्रदीप रावत का अभिनय का सफर तीन दशकों से अधिक लंबा था और उन्होंने हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम सिनेमा में काम किया था। हालांकि उन्हें नकारात्मक किरदारों से ख्याति मिली। वर्ष 1985 में ‘मेरी जंग’ फिल्म से उन्होंने हिंदी सिनेमा में डेब्यू किया, जिसमें उन्होंने एक पुलिस इंस्पेक्टर की भूमिका निभाई थी।
इसके बाद प्रदीप रावत ‘समुंदर’ और ‘अग्निपथ’ जैसी बड़ी फिल्मों में नजर आये और धीरे-धीरे विलेन के रूप में दर्शकों के बीच पहचाने जाने लगे। प्रदीप रावत ने पिछले वर्ष रिलीज हुई विक्की कौशल-स्टारर छावा फिल्म में येसाजी कंक का किरदार निभाया था।
