प्रतीकात्मक चित्र,
हल्द्वानी में एक युवती ने नाम बदलकर पहचान छिपाने, धोखाधड़ी और शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हल्द्वानी में सामने आया यह मामला सिर्फ शादी का झांसा देकर कथित दुष्कर्म का नहीं, बल्कि भरोसे के टूटने और धोखे की कहानी को बयान करता है।
आरोप है, कि मेरठ निवासी युवक ने अपनी पहचान छिपाकर पहले दोस्ती की, फिर शादी और धर्म परिवर्तन का भरोसा देकर युवती का विश्वास जीता। पुलिस के अनुसार, पीड़िता ऊधम सिंह नगर जिले की रहने वाली है, जो हल्द्वानी में किराए पर रहती है और शहर में नौकरी भी करती है।
पीड़िता का कहना है, कि काम के दौरान उसकी मुलाकात मेरठ निवासी शहबाज से हुई। कुछ समय बाद दोनों के बीच शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे नजदीकियों में बदल गई। आरोप है, कि शाहबाज ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाई और युवती से शादी का वादा किया।
वहीं जब युवती को आरोपित की असली पहचान के बारे में पता चला, तो उसने युवती का भरोसा जीतने के लिए यह भी कहा, कि वह उससे शादी करने के लिए अपना मजहब बदल देगा। पीड़िता का आरोप है, कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर शाहबाज उसे अलग-अलग स्थानों पर ले गया और कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
पुलिस में दर्ज एफआईआर में 8 जुलाई और 18 जुलाई को भी आरोपित द्वारा पीड़िता के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। जब युवती ने शादी की बात आगे बढ़ाई, तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया और खुद को बचाने के लिए युवती के मोबाइल से दोनों के बीच की चैट, फोटो और वीडियो डिलीट कर दिए।
इस बात को लेकर युवक और युवती के बीच विवाद होने लगा। विरोध करने पर पीड़िता को जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। फिलहाल पुलिस ने पीड़िता की तहरीर और तथ्यों की जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित शहबाज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
